BCCI Chief Selectors Salary: टीम इंडिया के लिए कौन खेलेगा और किस खिलाड़ी को बाहर बैठना पड़ेगा, इसका फैसला लेने वाली चयन समिति में अब प्रज्ञान ओझा की अहम भूमिका होगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उन्हें चीफ सेलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस बड़े पद पर बैठने के लिए प्रज्ञान ओझा को कितनी सैलरी मिलेगी? उनकी सालाना कमाई कितनी होगी और क्या उन्हें करोड़ों रुपये मिलेंगे? आइए जानते हैं पूरी डिटेल।

बता दें कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने प्रज्ञान ओझा को भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की सीनियर चयन समिति का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। उनकी अगुवाई वाली चयन समिति में कुल पांच सदस्य होंगे। इनमें पूर्व भारतीय स्पिनर रमेश पवार के अलावा शिव सुंदर दास, आरपी सिंह और अजय रात्रा भी शामिल हैं।

24 टेस्ट खेलने वाले ओझा को क्यों मिली कमान?

प्रज्ञान ओझा ने 2009 से 2013 के बीच भारतीय टीम के लिए 24 टेस्ट मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 113 विकेट अपने नाम किए। चयन समिति में शामिल पांचों सदस्यों में उनके नाम सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने का अनुभव है। इसी आधार पर उन्हें समिति का चेयरमैन बनाया गया है।

अजीत अगरकर के पद छोड़ने के बाद ओझा अंतरिम चीफ सिलेक्टर के तौर पर काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम के चयन की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके अंतरिम कार्यकाल में भुवनेश्वर कुमार की करीब चार साल बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी भी चर्चा में रही। भुवनेश्वर की वापसी को लेकर लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही थीं।

रमेश पवार को भी मिली चयन समिति में जगह

BCCI ने पुरुष चयन समिति में एक सदस्य की नियुक्ति के लिए क्रिकेट एडवाइजरी कमिटी (CAC) के जरिए चयन प्रक्रिया पूरी की। इसके लिए आवेदकों की स्क्रीनिंग और इंटरव्यू बोर्ड मुख्यालय में हुए। प्रक्रिया पूरी होने के बाद CAC ने सर्वसम्मति से रमेश पवार के नाम की सिफारिश की।

पवार भारतीय क्रिकेट के अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हैं। वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। अब पुरुष चयन समिति में उनकी भूमिका खिलाड़ियों के चयन और टीम से जुड़े फैसलों में अहम रहेगी।

चीफ सिलेक्टर के तौर पर कितनी होगी प्रज्ञान ओझा की सैलरी?

प्रज्ञान ओझा को सीनियर पुरुष चयन समिति के चेयरमैन के तौर पर सालाना 3 करोड़ रुपये मिलने की जानकारी दी गई है। इस हिसाब से उनकी मासिक सैलरी करीब 25 लाख रुपये होगी। बताया गया है कि यह वही सालाना वेतन है, जो उनके पूर्ववर्ती अजीत अगरकर को मिलता था।

चीफ सिलेक्टर की जिम्मेदारी में भारतीय टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन, उनके प्रदर्शन का आकलन और भविष्य की टीम तैयार करने जैसे अहम काम शामिल होते हैं। बड़े टूर्नामेंट और विदेशी दौरों के लिए टीम चुनने में चयन समिति की भूमिका खास रहती है।

टेस्ट के अलावा वनडे और टी20 में भी खेले हैं ओझा

प्रज्ञान ओझा ने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट के अलावा वनडे और टी20 इंटरनेशनल भी खेले हैं। उनके नाम 18 वनडे मैचों में 21 विकेट और 6 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 10 विकेट दर्ज हैं। वह अपनी स्पिन गेंदबाजी के लिए पहचाने जाते थे।

इंटरनेशनल क्रिकेट के बाद ओझा ने आईपीएल में भी अपना करियर जारी रखा। वह पहले सीजन से डेक्कन चार्जर्स की टीम का हिस्सा रहे और 2011 तक इस फ्रेंचाइजी के लिए खेले। इसके बाद 2012 में मुंबई इंडियंस से जुड़े और 2015 तक इसी टीम के साथ रहे। क्रिकेट से जुड़ी इस पारी के बाद वह कमेंट्री में भी नजर आए।

अब चयन समिति के चेयरमैन के रूप में ओझा के सामने भारतीय टीम के लिए सही खिलाड़ियों को चुनने और भविष्य की टीम तैयार करने की चुनौती होगी। उनके फैसलों पर खास तौर पर आगामी अंतरराष्ट्रीय दौरों और बड़े टूर्नामेंटों के दौरान नजर रहेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H