नरेश शर्मा, रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले स्थित प्रसिद्ध सिंघनपुर गुफा का निरीक्षण करने पहुंची यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों की पांच सदस्यीय टीम पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस अचानक हुई घटना में चार लोग घायल हो गए हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज ओपी फोर्टिस जिंदल अस्पताल में जारी है। यह मामला भूपदेवपुर थाना क्षेत्र का है।

रायपुर से पहुंचे थे शोधकर्ता
मिली जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिला मुख्यालय से तकरीबन 18 किलोमीटर दूर स्थित सिंघनपुर गुफा का निरीक्षण करने राजधानी रायपुर की एक यूनिवर्सिटी के साइंटिस्ट की पांच सदस्यीय टीम रिसर्च के लिए पहुंची थी। टीम में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे। बताया जा रहा है कि टीम जब गुफा के भीतर शैल चित्रों का निरीक्षण कर रही थी, तभी अचानक मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सभी लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान एक वनकर्मी के भी घायल होने की बात कही जा रही है। वहीं डायल 112 और वन विभाग की टीम ने घायलों को दुर्गम पहाड़ी रास्तों से स्ट्रेचर के सहारे नीचे उतारा। इसके बाद सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इन पर मधुमक्खियों ने किया हमला
ओपी फोर्टिस जिंदल अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, ब्रम्हानंद धृतलहरे (27 वर्ष), स्मृद्धि (69 वर्ष), भाग्यश्री (30 वर्ष), सुमन (35 वर्ष), निहारिका (36 वर्ष) और गितेश्वर पटेल को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इनमें से चार की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

