बेगूसराय। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के पिपरा वार्ड नंबर 16 में किराए के मकान में लिव-इन में रह रहे प्रेमी अमृत शर्मा (21) की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली। मृत युवक भगवानपुर थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव का रहने वाला था, जबकि उसकी प्रेमिका अर्चना नीमा चांदपुर की रहने वाली है।
​जानकारी के मुताबिक, अर्चना ने करीब एक महीने पहले पिपरा में रीना देवी के मकान में कमरा किराए पर लिया था। उसने मकान मालकिन को बताया था कि उसके साथ उसका भाई भी रहेगा। इसके करीब 15 दिन बाद अमृत भी वहां आकर रहने लगा। मकान मालकिन को शक न हो, इसके लिए दोनों ने अपने आधार कार्ड की फोटोकॉपी दी थी, जिस पर एक ही पिता का नाम और पता दर्ज था। जब मकान मालकिन ने उनके रिश्ते पर सवाल उठाया, तो उन्होंने एक व्यक्ति से फोन पर बात कराई जिसने दोनों को अपने बच्चे बताकर तस्दीक की थी।

​प्रेमिका को कमरे में बंद कर लगाया फंदा

​पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार की रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक और विवाद हुआ था। गुस्से में आकर अमृत ने प्रेमिका अर्चना को दूसरे कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी। शनिवार सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला और अमृत ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, तब घबराई अर्चना ने फोन कर अमृत के भाई को पूरी घटना की जानकारी दी।
​सूचना मिलते ही मृतक का भाई मौके पर पहुंचा और अंदर से कमरा बंद देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर अमृत का शव फंदे से लटक रहा था, वहीं दूसरे कमरे से अर्चना को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

​9 महीने पुराना था प्रेम प्रसंग

​शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों का पिछले 9 महीनों से अफेयर चल रहा था। दरअसल, फरवरी महीने में लड़की की चचेरी बहन की शादी महेशपुर गांव में हुई थी, उसी दौरान दोनों की जान-पहचान हुई थी जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। अमृत अपने परिवार को यह कहकर बेगूसराय में कमरा लेकर रह रहा था कि उसने एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में नौकरी शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए प्रेमिका को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है।