भागलपुर। पुलिस ने 6 अगस्त को सामने आए उमेश शर्मा हत्याकांड का महज कुछ ही दिनों में पर्दाफाश कर दिया है। इस वारदात को किसी और ने नहीं बल्कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
हैदराबाद से फ्लाइट पकड़कर पूर्णिया पहुंचा था प्रेमी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी पंकज शर्मा का मृतक उमेश शर्मा की पत्नी अनिता देवी के साथ पिछले पांच सालों से अवैध प्रेम संबंध चल रहा था। मृत उमेश शर्मा को इस रिश्ते की पूरी जानकारी थी और वह इसका लगातार विरोध करता था। इसी विरोध और रास्ते से हटाने की नीयत से पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची।
साजिश के तहत प्रेमी पंकज शर्मा ने हैदराबाद से फ्लाइट पकड़ी और पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचा। वहां उसके दो साथी मो. सोहेल और मो. इरफान पहले से मौजूद थे। तीनों एक स्कॉर्पियो गाड़ी से नवगछिया पहुंचे।
स्कॉर्पियो के अंदर ही गला दबाकर उतारा मौत के घाट
नियोजित योजना के अनुसार, अनिता अपने पति उमेश और बेटे के साथ नवगछिया स्टेशन पर मौजूद थी। आरोपियों ने उमेश को मुरली ले जाने के बहाने स्कॉर्पियो में बैठा लिया, जबकि प्रेमी पंकज स्टेशन पर ही रुक गया ताकि किसी को शक न हो।
गाड़ी जैसे ही कुर्सेला की ओर बढ़ी, रास्ते में चलती स्कॉर्पियो के अंदर ही उमेश शर्मा का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। साक्ष्य छिपाने की नीयत से आरोपियों ने शव को बरारी के पास कोसी नदी में फेंक दिया। कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र स्थित मलकाइन घाट से पुलिस ने 7 अगस्त की शाम शव को बरामद किया।
पत्नी ने रची झूठी गुमशुदगी की कहानी
वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर पत्नी अनीता ने खुद को बचाने के लिए नाटक रचा। वह देर शाम अपने घर पहुंची और परिजनों को गुमराह करते हुए कहा कि उसके पति अचानक स्टेशन से गायब हो गए हैं और उनका कुछ पता नहीं चल रहा है।
परिजनों की शिकायत पर 6 अगस्त को खरीक थाने में कांड संख्या 316/26 दर्ज किया गया। नवगछिया एसपी वैभव शर्मा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री की गुत्थी सुलझा ली। पुलिस ने अब तक पत्नी अनिता देवी, मो. सोहेल और मो. इरफान को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी पंकज शर्मा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।


