राहुल शर्मा, भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले से हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के गोहद थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले खितौली गांव में खेत जोतने के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पुरानी रंजिश और जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के आमने-सामने आने के बाद हुई गोलीबारी में पूर्व सरपंच सब्बीर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और अस्पताल के बाहर भारी भीड़ जुट जाने से माहौल तनावपूर्ण हो गया है।

ये भी पढ़ें: थाना परिसर में युवती ने खाया जहर, हालत नाजुक; थाना प्रभारी और टीआई पर गंभीर आरोप

खेत में ट्रैक्टर चला रहे थे पूर्व सरपंच, आरोपियों ने घेरकर मारी गोलियां

जानकारी के मुताबिक पूर्व सरपंच सब्बीर अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। उसी दौरान घात लगाए बैठे दूसरे पक्ष के आरोपियं ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पूर्व सरपंच को 2 गोलियां लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

गोहद अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित किया

घटना की सूचना मिलते ही गोहद थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल पूर्व सरपंच को गोहद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं पूर्व सरपंच सब्बीर की मौत की खबर फैलते ही गोहद अस्पताल के बाहर खितौली और आसपास के गांवों से सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद परिजनों में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ये भी पढ़ें: एमपी में किसान ने किया सुसाइड: उधार चुकाने के बाद भी नहीं मिली गिरवी रखी चांदी, पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप

पुलिस बल तैनात, आरोपियों की तलाश तेज

गोहद थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव और अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए घेराबंदी और दबिश शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m