चंकी बाजपेयी, इंदौर। चर्चित गुलाब बाग पेट्रोल पंप हत्याकांड में लसूडिया पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी चंद्रकांत उर्फ डीलू लहारिया को संरक्षण देने और उसकी गिरफ्तारी से बचाने में सहयोग करने के आरोप में पुलिस ने उसकी पत्नी और पिता को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
दरअसल, इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र में 21 मई को गुलाब बाग पेट्रोल पंप के सामने हुए अभितेंद्र उर्फ अभि तोमर हत्याकांड की जांच लगातार जारी है। इस मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी चंद्रकांत उर्फ डीलू लहारिया अब भी फरार है।
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि फरार आरोपी को उसकी पत्नी प्रीति लहारिया और पिता राजेंद्र कुमार शर्मा की ओर से संरक्षण दिया जा रहा था। पुलिस के अनुसार दोनों को घटना की जानकारी होने के बावजूद उन्होंने आरोपी को छिपाने और गिरफ्तारी से बचाने में सहयोग किया। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी की पत्नी और पिता अपने पुत्र एवं पोते से मिलने इंदौर आने वाले हैं।
सूचना मिलते ही लसूडिया थाना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए देवगुराडिया क्षेत्र में घेराबंदी की और दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि फरार मुख्य आरोपी की तलाश लगातार जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

