अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा की नवनियुक्त स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव शनिवार को मंत्री बनने के बाद पहली बार भिवानी पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने कई स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। हालांकि प्रैस वार्ता के दौरान वह पत्रकारों के कई तीखे सवालों से बचती नजर आईं। उन्होंने साफ कहा कि चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल का पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज में किसी भी सूरत में समायोजन यानी विलय नहीं होगा।

मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की कमी पर दी सफाई

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि नए मेडिकल कॉलेज में कुछ चिकित्सकों की कमी है। इसलिए व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ विशेषज्ञ डॉक्टर अस्थाई रूप से वहां भेजे गए हैं। लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि नागरिक अस्पताल का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।

दो साल से बंद ओपीडी की खबर सुन चौंक गईं मंत्री

प्रेस वार्ता के दौरान जब पत्रकारों ने स्वास्थ्य मंत्री को एक कड़वी जमीनी हकीकत से रूबरू कराया, तो वह हैरान रह गईं। संवाददाताओं ने उन्हें बताया कि चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल की ओपीडी पिछले 2 साल से बंद पड़ी है। इस गंभीर लापरवाही की जानकारी मिलते ही मंत्री दंग रह गईं। इसके बाद उन्होंने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही हैं।

अस्पताल की जर्जर हालत और प्रशासनिक तालमेल पर उठाए सवाल

भिवानी का यह मुख्य अस्पताल इस समय कई प्रशासनिक और बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है। हाल ही में अस्पताल के अंदरूनी वार्ड की छत का मलबा गिरने से एक मरीज का मददगार गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस हादसे के कारण लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने इस पर कहा कि वह संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात करेंगी। इसके अलावा जब उनसे सिविल सर्जन और मेडिकल कॉलेज के निदेशक के बीच आपसी तालमेल की कमी पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इसे टाल दिया।

17 जुलाई को प्रधानमंत्री देंगे हरियाणा को बड़ी सौगात

इन स्थानीय मुद्दों के बीच स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश के लिए एक बहुत बड़ी और सकारात्मक घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि आगामी 17 जुलाई को प्रधानमंत्री भिवानी और महेंद्रगढ़ के कोरियावास में बने दो नए मेडिकल कॉलेजों का भव्य लोकार्पण करने जा रहे हैं।