भोजपुर। जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र स्थित पड़रिया गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 19 वर्षीय युवती की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई और उसके शव को खेत में फेंक दिया गया। मृतका की पहचान झारखंड के गोड्‌डा जिले की रहने वाली अंजू कुमारी के रूप में हुई है।

​इंस्टाग्राम से शुरू हुआ था प्रेम प्रसंग

​मृतका के पिता गुलाबी मंडल ने बताया कि उनकी बेटी की दोस्ती दो महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से सीटू यादव नामक युवक से हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों के बीच अक्सर बातचीत होती थी। पिता का आरोप है कि सीटू यादव ने ही उसे मिलने के बहाने बुलाया और बाद में उसकी हत्या कर दी।

​26 जून को घर से निकली थी अंजू

​अंजू 26 जून की सुबह 9 बजे घर से बिना बताए निकली थी। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। कहीं पता न चलने पर स्थानीय थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। 29 जून को पड़रिया गांव के खेत में युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव बुरी तरह सड़-गल चुका था, जिसके कारण शुरुआती दौर में उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।

​पहचान के लिए पुलिस का प्रयास

​पुलिस ने घटनास्थल से एक आधार कार्ड बरामद किया था, जिसकी मदद से वे मृतका के परिजनों तक पहुंचने में सफल रहे। शव की स्थिति को देखते हुए आरा सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे बेहतर परीक्षण के लिए पटना रेफर कर दिया था। मंगलवार को परिजन आरा पहुंचे और शव की शिनाख्त की।

​आरोपी के खिलाफ FIR, पुलिस जांच में जुटी

​घटनास्थल से युवती का मोबाइल भी टूटा हुआ मिला है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL की टीम को भी मौके पर बुलाया, जिन्होंने घटनास्थल से अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। मृतका के पिता के बयान पर पुलिस ने सीटू यादव के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मृतका अपने पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी, जिसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।