शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से छात्रों के हक पर डाका डालने वाले बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हुआ है। भोपाल में एमबीए (MBA) छात्रों के नाम पर करोड़ों रुपये का छात्रवृत्ति घोटाला सामने आया है, जिसके बाद देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी सीबीआई (CBI) ने इस पूरे मामले को अपने हाथ में लेते हुए केस दर्ज कर लिया है।
सीबीआई ने यूको बैंक (UCO Bank) के तत्कालीन अधिकारियों और एकेडमी ऑफ मैनेजमेंट कॉलेज से जुड़े लोगों सहित 6 मुख्य आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: UCC in Madhya Pradesh: CM मोहन यादव को सौंपी गई फाइनल रिपोर्ट; ड्राफ्ट में ‘लिव-इन’ और ‘तलाक’ पर बड़े नियम!
कॉलेज और बैंक अधिकारियों का ‘नेक्सस’: ऐसे हुआ 1 करोड़ का खेल
जांच में सामने आया है कि यह पूरा महा-घोटाला जनवरी 2020 से अक्टूबर 2021 के बीच अंजाम दिया गया। एकेडमी ऑफ मैनेजमेंट कॉलेज के संचालकों और यूको बैंक की हबीबगंज शाखा के कुछ भ्रष्ट अधिकारियों ने मिलकर एक सुनियोजित साजिश रची।
इस मिलीभगत के जरिए कुल 118 फर्जी बैंक खाते खोल दिए गए। चौंकाने वाली बात यह है कि जिन छात्रों के नाम पर ये खाते खोले गए, उनमें से कई छात्रों ने न तो कभी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन किया था और न ही यूको बैंक की उस शाखा में कभी अपना खाता खुलवाया था।
मोबाइल नंबर बदलकर उड़ाए पैसे; न एटीएम मिला न ओटीपी
जांच एजेंसी सीबीआई के मुताबिक इन 118 फर्जी खातों में सरकार द्वारा जारी की गई करीब 99.48 लाख रुपये यानि लगभग 1 करोड़ की भारी-भरकम छात्रवृत्ति राशि जमा कराई गई थी।
ओटीपी का खेल
CBI की तफ्तीश में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ कि खाते खोलते वक्त फॉर्म में मोबाइल नंबर छात्रों के बजाय कॉलेज से जुड़े आरोपी कर्मचारियों और बिचौलियों के डाले गए थे। इसके चलते खातों से जुड़े सभी ट्रांजैक्शन और ओटीपी सीधे आरोपियों के मोबाइल पर आते थे। आरोपियों ने बड़ी ही चालाकी से इन खातों के एटीएम कार्ड और ओटीपी के जरिए पूरी की पूरी रकम साफ कर दी और पीड़ित छात्रों को इसकी कानों-कान भनक तक नहीं लगी।
ये भी पढ़ें: ठेकेदार के बदले सरकार ने चुकाए तकनीकी सलाह के 59 करोड़! बरगी नहर परियोजना में CAG की आपत्ति के बाद भी हुआ बड़ा खेल
ऐसे खुला इस घोटाले का राज
इस संगठित भ्रष्टाचार का खुलासा तब हुआ जब यूको बैंक के जोनल कार्यालय को इन 118 खातों में होने वाले बड़े लेन-देन को लेकर शक हुआ। बैंक प्रबंधन ने जब इन संदिग्ध अकाउंट्स की अंदरूनी जांच करवाई तो परतों के पीछे छिपा यह खौफनाक सच बाहर आ गया। बैंक की शिकायत के बाद अब सीबीआई ने शिकंजा कस दिया है, और माना जा रहा है कि जल्द ही बैंक अफसरों और कॉलेज प्रबंधन के कई रसूखदार चेहरे सलाखों के पीछे होंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

