Bihar News: बिहार विधान परिषद में आज बुधवार को एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नवनिर्वाचित सभी 10 MLC सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सभी सदस्यों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर सीएम सम्राट चौधरी समेत कई नेताओं ने नवनिर्वाचित सभी सदस्यों को बधाई एंव शुभकामनाएं दी है।
CM सम्राट ने सभी सदस्यों को दी शुभकामनाएं
सीएम सम्राट चौधरी ने सभी एमएलसी सदस्यों को शपथ लेने पर बधाई देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, आज बिहार विधान परिषद् के नव-निर्वाचित माननीय सदस्यगण के शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित होकर उन्हें हार्दिक बधाई एवं यशस्वी कार्यकाल की अग्रिम शुभकामनाएं दी। विश्वास है कि आप सभी अपने अनुभव, प्रतिबद्धता और सकारात्मक योगदान से राज्य के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
पहली बार सदन पहुंचे हैं पवन सिंह और निशांत

बता दें कि भोजपुरी जगत से आने वाले पवन सिंह पहली बार विधानपरिषद का सदस्य बने हैं। शपथ लेने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने जय बिहार, जय भोजपुरिया का नारा लगाते हुए कहा कि, कला और संस्कृति के क्षेत्र में काम करना मेरा मुख्य उद्देश्य है, जो भी युवा आज कला के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाना चाहते हैं, उन्हें सही प्लेटफार्म उपलब्ध करवाना अब मेरी जिम्मेदारी है। मैं उनके लिए हर संभव प्रयास करूंगा ताकि वे अपनी कला के माध्यम से न केवल अपना, बल्कि बिहार का भी नाम रोशन कर सकें।
स्वास्थ्य विभाग की खामियों को करूंगा दूर- निशांत कुमार

पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने भी आज विधान परिषद के सदस्य के रूप में शपथ लिया है। शपथ लेने के बाद उन्होंने कहा कि, पिता जी (नीतीश कुमार) के सपने को पूरा करना है, उन्होंने जो काम 20 साल सत्ता में रहकर किया है, उसको आगे बढ़ाना है। स्वास्थ्य मंत्री के रूप में मैं काम कर रहा हूं। आगे भी काम कर विभाग के खामियों को दूर कर आम जनता के लिए काम करेंगे।
गौरतलब है कि नीतीश कुमार के सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद निशांत कुमार को सम्राट सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया था, उन्हें स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया। हालही में वह पटना पीएमससीएच में औचक निरीक्षण करने पहुंचे, जहां अस्पताल के प्रिंसिपल नागेंद्र कुमार सिंह के गायब रहने पर कार्रवाई की बात कही थी, जांच के बाद नागेंद्र कुमार को प्रिंसिपल पद से हटा दिया गया था। स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद यह उनका पहला एक्शन था, जिसकी लोगों ने काफी तारीफ की थी।
ये भी पढ़ें- सम्राट कैबिनेट की अहम बैठक समाप्त, शिक्षा और पर्यटन समेत कुल 29 एजेंडों को मिली मंजूरी

