वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के परवलपुर थाना क्षेत्र के गागोबिगहा गांव में कल गुरुवार (18 जून) की देर रात हुई बड़ी चोरी की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। हथियारबंद अपराधियों ने एक किसान के घर में धावा बोलकर करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के दौरान अपराधियों ने पति-पत्नी को बंधक बना लिया और विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट भी की।
हथियारबंद 10 अपराधियों ने मचाया तांडव
पीड़ित स्वर्गीय जगदीश प्रसाद सिंह के पुत्र प्रवीण कुमार ने बताया कि रात करीब 12:15 बजे वह अपनी पत्नी के साथ घर में सो रहे थे। तभी करीब 10 हथियारबंद अपराधी छत के रास्ते घर में घुस आए। बदमाशों ने बंदूक दिखाकर दोनों को डराया और गोदरेज व पेटी में रखे लगभग 20 भर सोने के आभूषण तथा 50 हजार रुपये नकद लूट लिए।
पत्नी के सिर पर पिस्तौल की बट से हमला
पीड़ित के अनुसार, विरोध करने पर अपराधियों ने उनकी पत्नी के सिर पर पिस्तौल के बट से हमला कर दिया और भागते समय जान से मारने की धमकी भी दी। ग्रामीणों का कहना है कि जून महीने में परवलपुर क्षेत्र के कई गांवों में लगातार चोरी की घटनाएं हुई हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। मौके पर पहुंचे परवलपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बताया कि एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है और घटना में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
ये भी पढ़ें- ‘मेरी छवि और प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास’, परिवाद दायर करने पर तेज प्रताप यादव का बड़ा बयान

