Bihar Crime: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से एक बेहद ही हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक सनकी पति ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों को नहर में फेंक दिया। दिल को झकझोर कर देने वाली इस घटना में तीनों बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, पत्नी किसी तरह अपनी जान बचाकर नहर से बाहर निकली। घटना जिले के चनपटिया प्रखंड अंतर्गत लोहियरिया पंचायत के भंगहा वार्ड संख्या-4 की है।

बताया जा रहा है कि आज मंगलवार की सुबह किसी बात को लेकर आरोपी रामबाबू यादव और उसकी पत्नी ललिता देवी के बीच विवाद हुआ था। विवाद को लेकर गुस्से में चूर रामबाबू अपनी पत्नी और तीनों बच्चों को घर से करीब 1.5 किलोमीटर दूर तिरहुत नहर की सुगौली शाखा के पास ले गया, जहां उसने पहले अपनी पत्नी को नहर में धक्का दे दिया। इसके बाद उसने एक-एक कर तीनों मासूम बच्चों को नहर में फेंक दिया। तीनों मासूम बच्चों की उम्र 6 साल बेटी, 4 साल पुत्र और 5 माह नवजात बच्ची थी।

मिली जानकारी के अनुसार नहर में डूबने से तीनों बच्चों की मौत हो गई। वहीं, किसी तरह अपनी जान बचाकर नहर से बाहर निकली ललिता देवी ने मायके पहुंचकर अपने घरवालों को इस घटना की जानकारी दी। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना कुमारबाग थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों की खोजबीन शुरू कर दी। करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों का शव नहर से बाहर निकाला गया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जों को लेकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई।

मृतका के भाई सुदामा यादव ने बताया कि उनकी बहन ललिता देवी मायके जाने की बात कह रही थी। इस बात को लेकर उसके जीजा रामबाबू और उसकी बहन में विवाद भी हुआ था। इस बीच रामबाबू ने उनकी बहन और बच्चों को जबरन अपने साथ ले गया और उन्हें नहर में फेंक दिया।

घटना से जुड़ी एक खबर यह भी सामने आई है कि ललिता ने 5 महीने पूर्व एक बेटी को जन्म दिया था। जबकि रामबाबू को पुत्र चाहिए था। इस बात को लेकर भी दोनों पति-पत्नी के बीच अक्सर मारपीट और विवाद होता रहता था। यह भी कहा जा रहा है कि आज मंगलवार की सुबह भी इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। सदर एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना के बाद से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

ये भी पढ़ें- ‘पुलिस ने पकड़कर मेरे बेटे को गोली मारी’, भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पुलिसकर्मियों पर FIR दर्ज