कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र शुरू हो गया है। सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने सदन में मौजूद सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी सदस्यों का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने सभी सदस्यों से आग्रह किया वे लोकतांत्रिक तरीके से सत्र में भाग लेने और विभिन्न विषयों पर होने वाले चर्चाओं में भाग लेने और विमर्श करने की अपील की।
सीएम सम्राट समेत सभी नेता पहुंचे सदन
सदन में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विधानमंडल पहुंच चुके हैं, जहां पर एनडीओ के नेताओं ने उनका स्वागात किया। सदन में सीएम सम्राट चौधरी, दोनों डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव समेत एनडीए के सभी विधायक मौजूद हैं। इस दौरान सदन में विपक्ष के भी सदस्य मौजूद रहे। हालांकि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव विदेश दौरे पर होने के कारण सत्र के पहले दिन सदन में मौजूद नहीं हैं।
विपक्ष का हंगामा, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
हालांकि सत्र के शुरू होने के साथ ही विपक्ष के सदस्यों का हंगामा देखने को मिला है। राजद सांसद वीरेंद्र भाई ने नीट परीक्षा पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की। इस दौरान विस अध्यक्ष प्रेम कुमार ने उन्हें शांत रहने और बैठने को कहा, जिसके बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ी।
वित्त मंत्री ने पेश किया अनुपूरक बजट
मानसून सत्र के पहले दिन वित्त मंत्री सह डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव ने वित्तिय वर्ष 2026-27 के लिए अनुपूरक बजट पेश किया। वित्त मंत्री ने सरकार की ओर से 87,383.4301 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। इसमें राज्य स्कीम मद में 24370.72 करोड़ है और शेष केंद्र प्रायोजित स्कीम के लिए राशि रखा गया है। अनुपूरक बजट के माध्यम से विभिन्न विभागों की जरूरी योजनाओं और विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
सदन में पेश किए गए 13 अहम विधेयक
मानसून सत्र के पहले दिन राज्य सरकार ने विधानसभा में 13 महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए। ये विधेयक नगर विकास, शिक्षा, उद्योग, राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि और कर व्यवस्था समेत कई अहम क्षेत्रों से जुड़े हैं। इन प्रस्तावों पर सदन में चर्चा के बाद आगे की विधायी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सरकार की ओर से जिन विधेयकों को सदन के पटल पर रखा गया, उनमें बिहार नगर विकास विधेयक, 2026, बिहार निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, 2026, बिहार दुकान एवं प्रतिष्ठान (रोजगार विनियमन और सेवा शर्त) (निरसन) विधेयक, 2026, भारतीय स्टाम्प (बिहार संशोधन) विधेयक, 2026, निबंधन (बिहार संशोधन) विधेयक, 2026, बिहार ईज ऑफ डुईंग बिजनेस विधेयक, 2026, बिहार जुआ (प्रतिषेध) विधेयक, 2026, बिहार माल एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2026, बिहार कृषि भूमि (गैर कृषि प्रयोजनों के लिए संपरिवर्तन) (निरसन) विधेयक, 2026, बिहार भूमि दाखिल-खारिज (संशोधन) विधेयक, 2026, बिहार चिकित्सा (संशोधन) विधेयक, 2026, बिहार नर्सेज पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 तथा बिहार चीनी उपक्रम (अर्जन) (संशोधन) विधेयक, 2026 शामिल हैं।
कल सुबह 11 बजे तक के लिए कार्यवाही स्थगित
सत्र के पहले दिन विस अध्यक्ष प्रेम कुमार ने बिहार विधानसभा के पूर्व सदस्य जिनका हाल के दिनों में निधन हुआ है, उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सभी सदस्यों ने दिवंगत सदस्यों की आत्मा की शांति के लिए सदन में एक मिनट का मौन उपवास भी रखा। मौन उपवास खत्म होते ही प्रेम कुमार ने कल मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।य
ये भी पढ़ें- आसमान से मौत बनकर गिरी आकाशीय बिजली, बिहार में 9 लोगों की मौत, कई जिलों में अलर्ट जारी


