वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के इस्लामपुर प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बेशवक से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजय रजक पर ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) और अन्य शैक्षणिक कार्यों के नाम पर छात्रों एवं अभिभावकों से पैसे लेने का आरोप लगाया जा रहा है।

घर बैठकर टीसी काट रहे प्रधानाचार्य

बताया जा रहा है कि वीडियो करीब 10 दिन पुराना है। वायरल क्लिप में एक व्यक्ति घर पर बैठकर टीसी से संबंधित कार्य करते दिखाई दे रहा है। वीडियो में पैसे के लेन-देन को लेकर बातचीत भी सुनाई दे रही है, जिसमें 100, 200 और 500 रुपये तक की रकम का जिक्र किया गया है। बातचीत के आधार पर टीसी और प्रैक्टिकल से जुड़े कार्यों के बदले राशि मांगने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

प्रधानाध्यापक ने वीडियो में खुद को मानने से किया इंकार

हालांकि, इस मामले में जब प्रधानाध्यापक अजय रजक से पक्ष जानने की कोशिश की गई तो उन्होंने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति को खुद मानने से इंकार कर दिया। साथ ही टीसी के नाम पर किसी भी प्रकार की अवैध वसूली के आरोपों को भी खारिज कर दिया।

निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग

वायरल वीडियो के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल यह मामला जांच का विषय है और शिक्षा विभाग की ओर से आधिकारिक कार्रवाई या जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- मोतिहारी में भीषण सड़क हादसा: पिकअप-टेंपो की टक्कर में चार लोगों की मौत, कई लोग घायल