सोहराब आलम/ विकास कुमार। आज रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को शारदीय नवरात्रि का पहला दिन है। नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की जाती है। इसी के साथ नौ दिनों तक चलने वाले नवरात्रि के अनुष्ठान की शुरुआत हो गई है।
सीताकुंड से जल भरकर निकाली गई यात्रा

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में नवरात्रि के पहले दिन सीताकुंड से जल भरकर कलश यात्रा निकालने की परंपरा है। इसी परंपरा के तहत इस साल भी पिपरा की सिरसिया दुर्गा पूजा समिति की ओर से कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धालु सीताकुंड से जल भरकर यात्रा में शामिल हुए। गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ निकली इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। महिलाएं, बच्चे और अन्य श्रद्धालु कलश लेकर यात्रा में शामिल हुए और मां दुर्गा की स्तुति की।
सहरसा में भी निकाली गई कलश शोभायात्रा
सहरसा में भी शारदीय नवरात्र के पहले दिन मां भगवती की पूजा-अर्चना के साथ भक्तिमय माहौल देखने को मिला। सराही के वार्ड नंबर 40 स्थित सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, मां विषहरा भगवती स्थान की ओर से हर साल की तरह इस बार भी भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। इसमें 121 कुंवारी कन्याओं ने कलश लेकर हिस्सा लिया। मां भगवती के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की झांकी रही आकर्षण का केंद्र

शोभायात्रा में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। नौ कुमारी कन्याओं ने देवी के अलग-अलग रूप धारण कर उनकी झांकी प्रस्तुत की। पारंपरिक वेशभूषा में सजी कन्याओं को देखने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां भगवती से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। समिति की ओर से नवरात्र के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की गई है।
पहले दिन मां शैलपुत्री की होती है पूजा
गौरतलब है कि आज से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो चुकी है। इस दौरान भक्त नौ दिनों तक माता दुर्गा के नौ रूपों की पूजा-पाठ करते हैं। नवरात्रि के पहले दिन घरों और मंदिरों में कलश स्थापना की जाती है। इस दिन मां दुर्गा के पहले स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा होती है, जिन्हें शक्ति और आस्था का प्रतीक माना जाता है। नवरात्रि के दौरान भक्त पूरे श्रद्धा और विश्वास के साथ मां की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं।
ये भी पढ़ें- दिल्ली के बाद अब बिहार में आंदोलन की तैयारी, माले विधायक संदीप सौरभ का बड़ा बयान

