Bihar Today Weather: बिहार में मानसून का प्रभाव कमजोर पड़ने के कारण लोगों को मौसम की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। राज्य में मानसून की एंट्री होने के बाद भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दक्षिण और पश्चिम बिहार के जिलों में चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। हालांकि उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में रुक-रुककर हो रही बारिश से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली है।

पटना समेत 20 जिलों में हीट वेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों (22 जून) के लिए राजधानी पटना समेत 20 जिलों में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दक्षिण और मध्य बिहार के कई हिस्सों में लोगों को जहां दिन के समय तेज धूप और लू का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, रात के समय उमस भरी गर्मी सताएगी। इस दौरान इन इलाकों का तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

22 जून तक नहीं मिलेगी गर्मी से राहत

मौसम विभाग ने अगले 22 जून तक पटना, गया, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, नवादा, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सारण, सीवान, गोपालगंज, बेगूसराय, लखीसराय और शेखपुरा समेत 20 जिलों के लिए लू और अत्यधिक गर्मी का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अगले 3 दिनों तक इन इलाके को लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

सुपौल समेत 11 जिलों में बारिश का अलर्ट

हालांकि, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी बिहार के लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग ने 11 जिलों सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान आसमान से आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा।

बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी है। बारिश के दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे इन इलाकों के तापमान में गिरावट आने और गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: CM सम्राट की समीक्षा बैठक, राजद की प्रेस कॉन्फ्रेंस, जदयू की अहम बैठक