Bihar Top News Today: बिहार (BIHAR) में आज 03 अगस्त को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…..

बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर की बड़ी जीत

राजधानी पटना की सबसे चर्चित बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने जीत हासिल कर ली है। सभी 32 राउंड की गिनती पूरी होने के बाद प्रशांत किशोर को कुल 64,151 वोट मिले। उन्होंने बीजेपी के नीरज सिन्हा को 19,324 वोटों के बड़े अंतर से हराया। इसके साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की इस सीट पर बीजेपी को बड़ी और बुरी हार का सामना करना पड़ा है। पढ़ें पूरी खबर…………

संजय सरावगी बोले- जनता का निर्णय सर्वोपरि

बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा को बुरी हार का सामना करना पड़ा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने हार को स्वीकार करते हुए बड़ा बयान दिया है। संजय सरावगी ने कहा कि, किस तरह हमारी हार हुई है? इसकी समीक्षा करेंगे, जबकि हम लोगों ने लगातार इस क्षेत्र का विकास किया है। आगे भी बांकीपुर हमारी प्राथमिकता में रहेगा। बांकीपुर के लोग हमारे हैं। क्या चूक हुई? ये भी समीक्षा के बाद बताएंगे। अभी जिनको जीत मिल रही है, उनको भी बधाई। जनता का निर्णय सर्वोपरि है। पढ़ें पूरी खबर……………

सीएम सम्राट चौधरी ने प्रशांत को दी जीत की बधाई

बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर को मिली जीत पर सीएम सम्राट चौधरी ने उन्हें बधाई दी है। सीएम सम्राट ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, लोकतंत्र के महापर्व में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनता ने जनसुराज को चुना है। मैं जनता के इस निर्णय का सम्मान करते हुए श्री प्रशांत किशोर को उनकी जीत पर हार्दिक बधाई देता हूं। पढ़ें पूरी खबर…………….

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत

समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर टाटा पंचायत अंतर्गत हरिहरपुर वार्ड-2 में आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से खेत में सब्जी तोड़ रहे मां और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। इस भयानक हादसे में उनके साथ मौजूद एक पड़ोसी बच्चा भी गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम पसरा है। पढ़ें पूरी खबर…………..

पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने खुद पर हुए जानलेवा हमले को लेकर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और पीएम मोदी पर निशाना साधा है। सांसद ने कहा कि, पूरे प्रदेश और देश में मेरे ऊपर हुए इस हमले को विरोध हो रहा है कि यह गलत है। योगी जी के साथ उनका फोटो है। मंडल अध्यक्ष है। वो कहता है, मारेंगे। पप्पू यादव ने कहा कि, आज दस बार कॉल आ चुका है, इंटरनेशनल, नेशनल कि पप्पू यादव को मारना है। पप्पू यादव ने बताया कि फोन करने वाले कहते हैं कि मैं विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल से बोल रहा हूं। तुम बाहर निकलो, तुमको मार देंगे। तुम माफी मांगो। पढ़ें पूरी खबर………….

सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में उमड़ी भीड़

पवित्र सावन महीने की शुरुआत के साथ ही पूरे देश समेत बिहार में भी शिव भक्ति की बहार आ चुकी है। सावन की पहली सोमवारी के पावन अवसर पर आज सुबह से ही पटना और आसपास के तमाम शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। मंदिरों का पूरा परिवेश ॐ नमः शिवाय, हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। सुबह से ही भक्तगण कतारों में खड़े होकर भगवान शिव का गंगाजल, दूध, दही, शहद, धतूरा और बेलपत्र के साथ जलाभिषेक कर अपने परिवार की सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना कर रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर………….

बिहार में फूंका गया अमित शाह का पुतला

दिल्ली में सांसद पप्पू यादव पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुए हमले को लेकर आज सोमवार (3 अगस्त) को बिहार में अलग-अलग जगहों पर विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। सुपौल और सहरसा में कांग्रेस और पप्पू यादव की पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने प्रदर्शन किया और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली सरकार का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने घटना की निंदा करते हुए सांसद की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर……………

छपरा में युवक की गोली मारकर हत्या

सारण जिले में आज सोमवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मढ़ौरा थाना क्षेत्र के पटेढ़ी बैज गांव निवासी धर्मनाथ सिंह के 26 वर्षीय पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। जबकि घटना मढ़ौरा थाना क्षेत्र स्थित तेजपुरवा चौक के पास की है। घटना को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर आगजनी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद एसपी ने उचित जांच और कार्रवाई की बात करते हुए एसआईटी का गठन किया है। पढ़ें पूरी खबर………..