सुरेश परतागिरी, बीजापुर। जिले में लगातार तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बीजापुर शहर और आसपास के इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं। कई मार्गों पर पानी भरने से जिले के कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जलभराव और बाढ़ जैसे हालात, प्रशासन अलर्ट
बाढ़ और जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। नगर सेना की टीम और प्रशासनिक अमला मिलकर प्रभावित क्षेत्रों में लगातार रेस्क्यू अभियान चला रहा है। जहां भी लोगों के फंसे होने की सूचना मिल रही है, वहां टीम पहुंचकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम कर रही है।

स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र दो दिन बंद
लगातार हो रही बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को दो दिनों तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों, तालाबों और जलभराव वाले स्थानों के पास न जाएं और बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें।

नदी-नालों से दूर रहने की अपील
प्रशासन ने लोगों से किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। भारी बारिश के बीच प्रशासन और नगर सेना की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


