Bilaspur News Update : बिलासपुर. सकरी पुलिस ने अवैध गांजा बेचने वाला आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी करूणा वर्मा के पास से 1.200 किलो गांजा बरामद हुआ है. जिसकी कीमत लगभग 9,000 और बिक्री रकम 300 रुपये जब्त की गई है. आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है.
यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा शहर के 14 केंद्रों में आज
बिलासपुर. संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), नई दिल्ली द्वारा आयोजित सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा 24 मई को बिलासपुर जिले में आयोजित की जाएगी. परीक्षा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं. कलेक्टर संजय अग्रवाल ने परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी. पहली पाली में सामान्य अध्ययन का प्रथम प्रश्न पत्र सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली में दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक परीक्षा ली जाएगी. जिले में परीक्षा के लिए कुल 14 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4870 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे. कलेक्टर ने गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों में बिजली और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं. इसके साथ ही परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने कहा गया है. जिला प्रशासन ने परीक्षा संचालन में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध और संवेदनशील तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हो सके.
इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती फिर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म
बिलासपुर. तोरवा थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम के जरिए युवती से दोस्ती कर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. पुलिस के अनुसार पीड़तिा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से तखतपुर क्षेत्र के जरेली निवासी निलेश कुमार जायसवाल से हुई थी. दोनों के बीच धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और आरोपी ने विश्वास में लेकर युवती से नजदीकियां बढ़ाई. पीड़िता के अनुसार आरोपी ने जन्मदिन मनाने का बहाना बनाकर उसे तोरवा क्षेत्र के एक होटल में बुलाया, जहां शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया. बाद में आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया. शिकायत के आधार पर तोरवा पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी निलेश कुमार जायसवाल को तखतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया.
अतिक्रमण पर कार्रवाई के दौरान 8 मंदिर भी हटाए गए
बिलासपुर. नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है. पिछले दो दिनों से अशोकनगर-बिरकोना मार्ग पर बिजली ऑफिस तक सड़क के दोनों ओर नाले के ऊपर बनाए गए शेड, अस्थायी कमरे, दुकानें और टिन-टप्पर लगाकर किए जा रहे व्यवसायों को हटाया गया. इस कार्रवाई के दौरान मार्ग पर बने सात मंदिरों को भी हटाया गया. सड़क की चौड़ाई पर्याप्त होने के बावजूद दोनों ओर ठेले और अन्य अतिक्रमण होने से मार्ग काफी संकरा हो गया था. अतिक्रमण हटने के बाद अब सड़क काफी खुली और चौड़ी दिखाई दे रही है. नगर निगम की अतिक्रमण शाखा एवं जोन-7 के कर्मचारियों ने अशोकनगर चौक से बिजली ऑफिस तक सड़क किनारे नाले के पास और नाले के ऊपर किए गए अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की. इस मार्ग पर अशोकनगर चौक से बिजली ऑफिस पानी टंकी तक नाले के समीप कई मंदिर स्थापित थे. मंदिरों में स्थापित मूर्तियों को स्थानीय लोगों की सहमति से फिलहाल निगम के सामुदायिक भवन में सुरक्षित रखा गया है तथा मंदिरों को हटा दिया गया है. निगम
जगह-जगह रेत का अवैध भंडारण
अशोकनगर- बिरकोना मार्ग पर अशोकनगर क्षेत्र में सड़क किनारे बड़ी मात्रा में बिल्डिंग मटेरियल अव्यवस्थित ढंग से रखा गया है. वहीं पानी टंकी के आगे लगभग एक किलोमीटर तक अवैध रूप से रेत का भंडारण किया गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो दिनों से निगम द्वारा इसी मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है, बावजूद इसके रेत और गिट्टी का अवैध भंडारण अधिकारियों की नजर से कैसे बचा हुआ है. इससे ऐसा प्रतीत होता है कि रेत और गिट्टी भंडारण करने वालों को विशेष छूट मिली हुई है.
कर्मचारियों के अनुसार आगामी दिनों में बिजली ऑफिस सब स्टेशन के पास जनभागीदारी से नया मंदिर बनाकर सभी देवी-देवताओं की पुनः स्थापना की जाएगी.
लापरवाही पर पंचायत सचिव सस्पेंड
सारंगढ़-बिलाईगढ़. बिलाईगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत परसापाली में आयोजित धरती आबा शिविर के दौरान शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले पंचायत सचिव पर बड़ी कार्रवाई की गई. कलेक्टर पदमिनी भोई साहू ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत सचिव सुदर्शन हिरवानी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए. शिविर के दौरान ग्राम पंचायत परसापाली के सरपंच एवं पंचों ने सचिव सुदर्शन हिरवानी के खिलाफ गंभीर शिकायत प्रस्तुत की. शिकायत में बताया गया कि सचिव नियमित रूप से पंचायत कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते थे, आम नागरिकों के आवेदन लेने पंचायत नहीं आते थे तथा जन्म-मृत्यु पंजीयन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी लापरवाही बरती जा रही थी. कलेक्टर ने मामले को गंभीर मानते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को तत्काल कार्रवाई करने निर्देशित किया.

फर्टिलाइजर में कटौती से किसान परेशान
जांजगीर-चांपा. इस साल खरीफ फसल के लिए रासायनिक खाद में कटौती करने से किसान हतोत्साहित हैं. ऐसे छोटे और मझोले किसान जो रेघहा, कुटा, अधिया में खेती करते हैं वह खेती छोड़ रहे हैं. क्योंकि खेती किसानी में लागत ज्यादा और फायदा काफी कम हो रहा है. जिससे कारण किसानो को परेशानी हो रही है. ऐसे छोटे किसान बड़े किसानो के जमीन को अधिया में लेकर खेती किसानी करते हैं वे भी अब छोड़ रहे हैं. खरीफ फसल वर्ष 2026-27 में शासन द्वारा रासायनिक खाद वितरण में कटौती कर दी गई है. पहले एक एकड़ में 2-2 बोरी यूरिया, डीएपी, पोटाश, सुपरफास्पेट मिलता था वह घटकर एक एकड़ में केवल 1 बेग ही खाद देने का ऐलान किया है. जिसके कारण किसानो की परेशानी बढ़ गई है. सरकारी खाद में कटौती होने के कारण छोटे खेतीहर किसान भी अधिया, रेगहा, कूटा की खेती से पीछा छोड़ रहे हैं. मांग के अनुरूप खाद नहीं मिलने से किसान परेशान है.
ससाधनों के अभाव में टूट रही कमर
किसानो को खेती करने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं मिलने के कारण खेती की लागत बढ़ गई है. जिसके कारण किसान काफी अधिक परेशान है. बताया जा रहा है कि इस खेती करने के लिए बीज की दाम में बढ़ोतरी हुई है. कई किसान भी प्रमाणिक बीज से दूरी बना रहे हैं क्योंकि करगा की अधिक शिकायत आती है.
निजी दुकान में बीज व खाद महंगी
इस साल सरकारी खाद में कटौती होने के कारण किसान काफी परेशान है. क्योंकि निर्धारित मात्रा से काफी कम खाद मिल रहा है. ऐसे में खेती करने के लिए किसानो को निजी दुकानो से खाद खरीदना पड़ेगा, जिससे किसानो के जेब पर भारी प्रभाव पड़ेगा. क्योंकि धान की खेती करने के लिए सबसे ज्यादा यूरिया खाद की आवश्यकता होती है. क्योंकि बहते पानी में यूरिया का प्रभाव भी कम हो जाता है.

