Rajasthan News: कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर गुडला टोल नाके के पास एक ऐसा मंजर दिखा जिसे देख किसी की भी रूह कांप जाए। गुरुवार का दिन था। कापरेन के रहने वाले 65 वर्षीय रिटायर शिक्षक केदार लाल शर्मा अपनी पत्नी गीता शर्मा (55) के साथ बाइक से कोटा निकल पड़े। कोटा में उनके बेटे का जन्मदिन था। घर पर खुशियां मनाई जानी थीं, लेकिन हाईवे पर मौत ने पहले से डेरा डाल रखा था।

पीछे से आई मौत और खत्म हुआ सफर
दंपति हाईवे पर आराम से जा रहे थे। तभी पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि केदार लाल और उनकी पत्नी सड़क पर जा गिरे। इसके बाद ट्रक उन्हें कुचलता हुआ आगे निकल गया। मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
बेटे के जन्मदिन का था इंतजार
केशवरायपाटन थाने के एएसआई हरिशंकर शर्मा ने बताया कि मृतक केदार लाल शर्मा कापरेन के रहने वाले थे। उनके दो बेटे कोटा में रहते हैं। एक बेटा मेडिकल विभाग में है तो दूसरा इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाता है। बेटे के जन्मदिन पर घर में उत्सव की तैयारी थी, माता-पिता वहां पहुंचने वाले थे। लेकिन जन्मदिन की शुभकामनाओं की जगह घर में मातम की खबर पहुंच गई। दोनों बेटों के लिए यह यकीन करना मुश्किल था कि अब उनके सिर से माता-पिता का साया उठ चुका है।
हेलमेट भी नहीं बचा सका जान
हादसा इतना भीषण था कि हेलमेट भी दोनों की रक्षा नहीं कर पाया। पुलिस को मौके पर हेलमेट मिला, जिसकी बेल्ट केदार लाल के गले में ही फंसी हुई थी। टक्कर के बाद सिर में आई गंभीर चोटों ने मौके पर ही जान ले ली। पुलिस ने शवों को कापरेन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अब गुडला टोल प्लाजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि ट्रक नंबर और ड्राइवर का पता लगाया जा सके। अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पढ़ें ये खबरें
- शी जिनपिंग का भारत दौरा: 7 साल बाद दिल्ली आएंगे चीनी राष्ट्रपति, 400 अधिकारियों का होगा प्रतिनिधिमंडल
- भारतीय संस्कृति से जुड़ेंगे स्कूली छात्र! लोक शिक्षण संचालनालय ने जारी किया 7 दिनों का विशेष शेड्यूल
- पाटन में जब भूपेश बघेल ने कहा- ‘चैतन्य बघेल को अमित शाह ने बनाया नेता’
- जांच पूरी होते ही जरूरी कार्रवाई : डिफेंस कॉलोनी ROB पर केंद्र का आश्वासन, बढ़ती यातायात जरूरतों के बीच बड़ी पहल
- मुरथल के IITM कॉलेज हॉस्टल में छात्र की मौत, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया


