Bihar Crime: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में कुख्यात गैंगेस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खौफ लगातार देखने को मिल रहा है। बीते कुछ दिनों मेंनेता से लेकर व्यवसायी तक बिश्नोई गैंग की तरफ से कई लोगों से रंगदारी की मांग करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। वहीं, अब लिस्ट में एक और बड़ा नाम जुड़ गया है। दरअसल बिश्नोई गैंग की तरफ से बिहार सरकार में पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के बेटे कृष्ण मुरारी से 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया है।
पूरे परिवार को दी धमकी
मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के बेटे को यह धमकी और रंगदारी की मांग व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए दी गई है। धमकी देने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया है। धमकी देने वाले शख्स ने कहा है कि यदि 3 दिन के अंदर 50 लाख की रकम उसे नहीं दी गई तो पूरे परिवार को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
मंत्री के बेटे ने दर्ज कराई शिकायत
धमकी मिलने के बाद मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता का पूरा परिवार डरा और सहमा हुआ है। कृष्ण मुरारी ने इस मामले में सदर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। इस दौरान कृष्ण मुरारी ने पुलिस को व्हाट्सएप चैट, कॉल लॉग और धमकी भरे संदेशों के स्क्रीनशॉट भी उपलब्ध कराए हैं, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस साइबर सेल की मदद से धमकी देने वाले मोबाइल नंबर, आईपी डिटेल समेत अन्य चिजों का पता लगा रही है। एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि कहीं इस घटना का संबंध किसी बड़े नेटवर्क या अंतरराज्यीय साइबर गिरोह से तो नहीं है।
बिश्नोई गैंग से धमकी मिलने की तीसरी घटना
आपको बता दें कि मुजफ्फरपुर जिले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने की यह लगातार तीसरी घटना है। इससे पहले भी कारोबारियों और अन्य लोगों को इसी तरह के धमकी भरे कॉल और मैसेज मिले हैं, जिसकी जांच पुलिस पहले से ही कर रही है। वहीं, अब पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के बेटे को मिली धमकी के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पुलिस इन मामलों की तेजी से छानबीन में जुट गई है।
स्कूल संचालक से 1 करोड़ की रंगदारी मांगी
इससे पहले मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज का है। यहां के जिला परिषद सदस्य और स्कूल संचालक इंजीनियर राजेश कुमार सहनी से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। बदमाशों ने धमकी दी है कि यदि तय समय पर पैसे नहीं दिए गए, तो उनका अपहरण कर हत्या कर दी जाएगी और पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा।
भाजपा नेता से 50 लाख की रंगदारी
वहीं, बीते 21 जुलाई को भजपान नेता और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के पूर्व जिला अध्यक्ष रंजीत सहनी से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर ही 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। मामला यहीं नहीं थमा; 24 जुलाई को रंजीत सहनी को दोबारा धमकी भरा संदेश मिला, जिसमें बदमाशों ने चेतावनी दी कि जिस स्टाफ के बूते तुम उड़ रहे हो, उसे भी खत्म कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- Patna Violence: जमानत नहीं, सीधे बेउर जेल…छात्र आंदोलन के उपद्रवियों पर पटना पुलिस की सख्ती


