कानपुर. उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अल्पसंख्यक समुदाय, खासकर मुस्लिम समाज तक पहुंच बढ़ाने की जिम्मेदारी साजिद अनस उस्मानी को सौंपी है. भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अनस उस्मानी ने कहा कि उनकी पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करती, बल्कि सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम करती है. उन्होंने विपक्षी दलों पर मुस्लिम समाज को डराने और बरगलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं और उनके लाभार्थियों के आंकड़ों के जरिए वह मुस्लिम समाज के बीच अपनी बात रखेंगे.

इसे भी पढ़ें- सहारनपुरः श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली को कंटेनर ने मारी टक्कर, 4 की मौत; 20 से ज्यादा घायल

‘ओवैसी मुस्लिमों को बरगलाकर सत्ता हासिल करना चाहते हैं’

अनस उस्मानी ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की सक्रियता पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी मुस्लिम समाज को बरगलाकर अपने विधायक बनाना चाहते हैं. उन्होंने मुस्लिम मतदाताओं से भावनाओं के बजाय सोच-समझकर फैसला लेने और सत्ता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की.

सरकारी योजनाओं के जरिए मुस्लिम समाज तक पहुंचने की तैयारी

भाजपा नेता ने कहा कि उनकी टीम पूरे उत्तर प्रदेश में प्रवास करेगी और मुस्लिम समाज के बीच केंद्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाएगी. उन्होंने आयुष्मान कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजना का उदाहरण देते हुए दावा किया कि मुस्लिम समुदाय के लोग भी सरकारी योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं. उनके मुताबिक, पार्टी तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर अपनी बात रखेगी.

‘भाजपा से जुड़ने पर परिवार को काफिर कहा गया’

अनस उस्मानी ने कहा कि भाजपा से जुड़ने के कारण उन्हें और उनके परिवार को सामाजिक विरोध का सामना करना पड़ा. उनके मुताबिक, कुछ लोगों ने उनके परिवार का तिरस्कार किया और संबंध तक खत्म कर लिए. उन्होंने दावा किया कि परिवार को ‘काफिर’ तक कहा गया. उन्होंने बताया कि उनके पिता भी भाजपा की विचारधारा से जुड़े रहे और विद्यार्थी परिषद तथा युवा मोर्चे में काम करने के दौरान उनकी अपनी राजनीतिक सोच मजबूत हुई.

इसे भी पढ़ें- CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली बॉर्डर सील, यूपी में हाई अलर्ट; 100 से ज्यादा ट्रेनें रद्द

संघ को लेकर फैली भ्रांतियां दूर करने की बात

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर मुस्लिम समाज के एक वर्ग की धारणा पर अनस उस्मानी ने कहा कि संघ के बारे में कई भ्रांतियां फैलाई गई हैं. उनके मुताबिक, संघ की विचारधारा समाज में भाईचारे और सभी के कल्याण की बात करती है. उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनकी प्राथमिकता मुस्लिम समाज तक पहुंच बनाना और पार्टी से जोड़ने का प्रयास करना होगा.