० पानीपत के रिसालू गांव में सनसनी, मजदूरी करने वाले युवक के शरीर पर मिले चोट के निशान; पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी

प्रवीण भारद्वाज,पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले में रिसालू गांव के पास श्मशान घाट के निकट स्थित तालाब में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुशील कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और पानीपत में रहकर मजदूरी व हेल्पर का काम करता था।

एक दिन पहले घर से निकला, फिर नहीं लौटा

परिजनों के अनुसार, सुशील कुमार एक दिन पहले बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

अगले दिन सूचना मिली कि रिसालू गांव के श्मशान घाट के पास तालाब में एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान सुशील कुमार के रूप में की।

भाई ने जताई हत्या की आशंका

मृतक के भाई का आरोप है कि सुशील के शरीर पर चोट के कई निशान थे। उनका कहना है कि सुशील की हत्या कर शव को तालाब में फेंका गया है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा कि यह हादसा, आत्महत्या या हत्या का मामला है।