बिहार के मुंगेर जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है, जहां तीन दिनों से लापता छात्रा का शव उसके घर के पास मौजूद कुएं से बरामद हुआ है। मृतक छात्रा की पहचान संध्या कुमारी के रूप में हुई है, जो नीट प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद से डिप्रेशन में चल रही थी। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कल्याणचक गांव की है।

मानसिक तनाव से जूझ रही थी छात्रा

कुएं से छात्रा का शव बरामद होते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका के पिता ने बताया कि उनकी संध्या उनकी इकलौती बेटी थी। उन्होंने बताया कि, संध्या अब तक दो बार नीट की परीक्षा दे चुकी थी। उसका सपना डॉक्टर बनने का था। परिजनों के मुताबिक नीट परीक्षा में सफलता नहीं मिलने की वजह से वह बीते कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थी।

5 जुलाई से लापता थी छात्रा

हालांकि संध्या की मौत कैसे हुई? इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। मिली जानकारी के अनुसार संध्या बीते 5 जुलाई को सुबह 4 बजे के करीब शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। लेकिन वह फिर कभी वापस नहीं लौटी। काफी देर होने के बाद परिजनों ने घर के आसपास उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। इसे लेकर परिवार ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।

परिजनों में मचा कोहराम

इस बीच आज मंगलवार को स्थानीय लोगों की नजर कुएं में एक शव पर पड़ी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। शव की पहचान लापता संध्या कुमारी के रूप में हुई। संध्या के शव मिलने की खबर पाकर परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतजार

घटना के संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने बताया कि, छात्रा की गुमशुदगी की शिकायत पहले ही दर्ज कर ली गई थी। छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की स्थिति काफी हद तक साफ हो जाएगी, जिसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- बिहार में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 4 नाबालिक लड़कियां समेत 18 लोग पकड़े गए, महिला संचालिका गिरफ्तार