गोंडा. कैसरगंज से पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में उनके एक समर्थक ने उनसे जुड़ा चुनाव चिह्न ‘साइकिल’ होने की बात कही, जिस पर बृजभूषण सिंह और वहां मौजूद लोग हंस पड़े. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
इसे भी पढ़ें- ‘कुमार’ पर जताया ‘विश्वास’, BJP पर साधा निशाना: रामगोपाल यादव के बयान से सियासी घमासान तय, जानें मामला
समर्थक ने सुनाया सपने का किस्सा
वायरल वीडियो में बृजभूषण शरण सिंह कुछ समर्थकों के साथ चलते दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान एक व्यक्ति उनके पास पहुंचता है और कहता है कि उनका चुनाव चिह्न आ गया है. वह आगे बताता है कि उसने रात में सपना देखा कि बृजभूषण सिंह का चुनाव चिह्न ‘साइकिल’ है. यह सुनकर बृजभूषण सिंह ‘भक्क’ कहते हुए आगे बढ़ जाते हैं.
समर्थक भी लगाने लगे ठहाके
वीडियो में समर्थक की बात सुनने के बाद वहां मौजूद लोग हंसने लगते हैं. बृजभूषण सिंह भी अपनी हंसी नहीं रोक पाते. कुछ ही सेकंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है और यूजर्स इसे लेकर अलग-अलग टिप्पणियां कर रहे हैं.
अखिलेश यादव से संबंधों की चर्चा
बृजभूषण सिंह और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बीच पिछले दिनों सार्वजनिक रूप से अच्छे संबंधों की चर्चा हुई थी. अखिलेश यादव ने बृजभूषण सिंह से अपने अच्छे संबंध बताए थे. वहीं, बृजभूषण भी कई मौकों पर कह चुके हैं कि अखिलेश उनके खिलाफ नहीं बोलते और वह भी उनके खिलाफ बयान नहीं देते.
इसे भी पढ़ें- मौत की ठोकरः गिट्टी से लदे ट्रक और पिकअप के बीच जोरदार भिड़ंत, दबकर एक की गई जान, मंजर देख दहल उठे लोग
सपा टिकट की भी लगी थीं अटकलें
राज्यसभा चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर ऐसी अटकलें भी चली थीं कि बृजभूषण सिंह को समाजवादी पार्टी उच्च सदन के लिए उम्मीदवार बना सकती है. हालांकि, ये केवल चर्चाएं ही साबित हुईं और सपा की ओर से उन्हें राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने की कोई घोषणा नहीं हुई. वायरल वीडियो में ‘साइकिल’ का जिक्र इसी राजनीतिक चर्चा के संदर्भ में भी देखा जा रहा है.

