मुकेश मेहता, बुधनी। बुधनी के रेहटी में अन्नदाताओं ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। ‘किसान स्वराज संगठन’ के बैनर तले सैकड़ों ट्रैक्टरों और हजारों किसानों ने न सिर्फ रेहटी की सड़कों पर ‘ट्रैक्टर मार्च’ निकाला, बल्कि मुख्य मार्ग पर करीब दो घंटे तक बंपर चक्काजाम कर दिया। किसानों ने दो टूक शब्दों में सरकार को चेतावनी दे दी है कि अगर एक हफ्ते में मांगें पूरी नहीं हुईं तो अगला पड़ाव सीधे भोपाल का घेराव होगा।
मंडी में ट्रैक्टर के साथ जुटे किसान, सरकार के खिलाफ फूटा गुस्सा
रेहटी कृषि उपज मंडी परिसर सुबह से ही किसानों के नारों और ट्रैक्टरों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा था। किसान स्वराज संगठन के नेतृत्व में जिले के कोने-कोने और अलग-अलग गांवों से किसान अपने-अपने ट्रैक्टर लेकर रेहटी मंडी में इकट्ठा हुए।
रैली से पहले मंडी परिसर में एक विशाल किसान सभा आयोजित की गई। यहां वक्ताओं ने मूंग खरीदी से लेकर खाद संकट तक के मुद्दों पर सरकार की नीतियों को जमकर आड़े हाथों लिया और कड़ा आक्रोश जताया।

2 घंटे तक थमा रहा रेहटी
सभा खत्म होते ही रेहटी की सड़कों पर ट्रैक्टरों का एक लंबा रेला निकल पड़ा, जिसने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। रैली कृषि मंडी से शुरू होकर जीरो पॉइंट तक गई और वहां से वापस मंडी परिसर लौटी। पैदल चल रहे किसानों और ट्रैक्टरों की लंबी कतारों के बीच अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी हुई।
रैली के बाद गुस्साए किसानों ने मंडी के सामने मुख्य सड़क पर ही दरी बिछाकर बैठ गए। करीब 2 घंटे तक इस मुख्य मार्ग का यातायात पूरी तरह ठप रहा और गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। माहौल बिगड़ता देख प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने की कवायद शुरू की।

SDM को सौंपा ज्ञापन: ‘7 दिन में फैसला करो, वरना भोपाल चमकेगा!’
अधिकारियों से तीखी नोकझोंक और चर्चा के बाद किसानों ने मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री के नाम बुधनी एसडीएम को ज्ञापन सौंपा, जिसके बाद जाम खोला जा सका। इस दौरान किसानों ने कहा कि यदि हमारी मांगें एक सप्ताह के भीतर पूरी नहीं की गईं, तो अगला आंदोलन सीधे राजधानी भोपाल में होगा। किसान पूरे भोपाल को जाम कर देंगे और जब तक हमारी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होगा, हम वहां से वापस नहीं लौटेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

