महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से कथित वॉइस क्लोनिंग का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चिमूर तहसील के नेरी गांव की एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पड़ोसी ने महिला की आवाज में फोन कर खुद को सरकारी अधिकारी बताया और ज्योतिष व देवी शक्ति का हवाला देकर उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए मानसिक रूप से प्रभावित करने की कोशिश की। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार है।
महिला की आवाज में किया फोन, सरकारी अधिकारी बनकर जीता भरोसा
पीड़िता के अनुसार, मई 2026 में उसके पति के मोबाइल पर दो अलग-अलग नंबरों से कॉल आए। कॉल करने वाली ने खुद को पुणे सहकारी आयुक्त कार्यालय की अधिकारी “विद्या गोखले” बताया। बातचीत के दौरान उसने जन्मतिथि, ज्योतिष, वास्तु और निजी जीवन से जुड़ी कई बातें बताईं, जिससे महिला का भरोसा जीत लिया।
ज्योतिष और देवी शक्ति का हवाला देकर बनाया दबाव
महिला का आरोप है कि कॉल करने वाली ने दावा किया कि उसके घर के सामने रहने वाले व्यक्ति के पास देवी शक्ति है और उसके संपर्क में रहने से परिवार का भविष्य उज्ज्वल होगा। बाद में उससे वैवाहिक जीवन और निजी संबंधों पर सवाल पूछे गए। आरोप है कि उसे पड़ोसी दत्तू पिसे के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मानसिक रूप से तैयार करने की कोशिश की गई।
कॉल रिकॉर्डिंग से खुला राज
पीड़िता ने बताया कि उसके दिवंगत पति के मोबाइल में कॉल रिकॉर्डिंग हमेशा चालू रहती थी। रिकॉर्डिंग सुनने के बाद उसे संदेह हुआ कि महिला की आवाज में बात करने वाला कोई और नहीं, बल्कि उसका पड़ोसी दत्तू पिसे था, जिसने कथित तौर पर किसी तकनीक या ऐप की मदद से महिला जैसी आवाज बनाई।
पुलिस जांच जारी, आरोपी की तलाश
चिमूर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर धोखाधड़ी और महिला से जुड़े अपराधों की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस कॉल रिकॉर्डिंग, मोबाइल नंबरों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इसी तरीके से अन्य लोगों को भी निशाना बनाया था या नहीं। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


