नितिन नामदेव, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कैंसर मरीजों के लिए इलाज की नई सुविधा शुरू हुई है। सुयश हॉस्पिटल और कैंसर सेंटर्स ऑफ अमेरिका (सीसीए) ग्रुप ने गुरुवार, 10 सितंबर को मिलकर सीसीए रायपुर कैंसर सेंटर का शुभारंभ किया। सेंटर में कैंसर की जांच से लेकर अलग-अलग पद्धतियों से उपचार और इलाज के बाद की देखभाल तक की सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

नए कैंसर सेंटर में मेडिकल ऑन्कोलॉजी, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, हेमेटो-ऑन्कोलॉजी और बोन मैरो ट्रांसप्लांट, पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी के साथ न्यूक्लियर मेडिसिन और पेट-सीटी जैसी सुविधाएं शामिल हैं। अलग-अलग विशेषज्ञ मिलकर मरीज की बीमारी और जरूरत के अनुसार उपचार की योजना तैयार करेंगे।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री समेत जनप्रतिनिधि पहुंचे

कैंसर सेंटर के उद्घाटन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। रायपुर लोकसभा सांसद बृज मोहन अग्रवाल, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील कुमार सोनी, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत और रायपुर की महापौर मीनल चौबे भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।

सीसीए और सुयश हॉस्पिटल की नेतृत्व टीम ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसमें सीसीए की सीईओ स्मिता राजू, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजेश मंथाना तथा सुयश हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. मनोज लाहोटी, डॉ. नितिन गोयल और डॉ. विवेक केशरवानी शामिल रहे।

कई विशेषज्ञ एक साथ करेंगे मरीज का इलाज

सीसीए रायपुर में कैंसर के इलाज के अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञ उपलब्ध होंगे। मेडिकल ऑन्कोलॉजी, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी और सर्जिकल ऑन्कोलॉजी के अलावा हेमेटो-ऑन्कोलॉजी, बोन मैरो ट्रांसप्लांट और पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी से जुड़े विशेषज्ञ भी यहां सेवाएं देंगे।

सेंटर के मुताबिक, जटिल मामलों में विभिन्न विशेषज्ञ मरीज की बीमारी पर मिलकर चर्चा करेंगे और उपचार की दिशा तय करने में सहयोग करेंगे। इसके लिए इंटरनेशनल ट्यूमर बोर्ड की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

PET-CT और Versa HD रेडिएशन थेरेपी की सुविधा

सेंटर में आधुनिक PET-CT तकनीक उपलब्ध कराई गई है। इससे कैंसर की पहचान करने, बीमारी की स्थिति का आकलन करने, उपचार की योजना बनाने और इलाज के परिणामों की निगरानी में मदद मिलती है।

इसके अलावा यहां Versa HD रेडिएशन थेरेपी की सुविधा भी है। इसके जरिए रेडिएशन उपचार को अधिक सटीक तरीके से देने और आसपास के स्वस्थ ऊतकों पर अनावश्यक प्रभाव को कम करने में मदद मिलने का दावा किया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री बोले- घर के करीब मिलेगी उन्नत सुविधा

उद्घाटन के मौके पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सीसीए रायपुर की शुरुआत छत्तीसगढ़ में उन्नत कैंसर उपचार की सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे मरीजों को व्यापक कैंसर सेवाएं अपने घर के करीब उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर सीसीए की सीईओ स्मिता राजू ने बताया कि सीसीए रायपुर के जरिए क्षेत्र के मरीजों और उनके परिवारों को आधुनिक और व्यापक कैंसर उपचार की सुविधा उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मरीजों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उपचार के साथ संवेदनशील देखभाल उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता है।

वहीं सीसीए के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजेश मंथाना ने बताया कि सीसीए रायपुर में आधुनिक तकनीक, अनुभवी विशेषज्ञों और विभिन्न चिकित्सा विधाओं के बीच बेहतर समन्वय के जरिए कैंसर उपचार की सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने इसे भारत में उच्च गुणवत्ता वाली कैंसर चिकित्सा को अधिक लोगों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

सीसीए और सुयश हॉस्पिटल के इस संयुक्त सेंटर का उद्देश्य रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को कैंसर के इलाज की विभिन्न सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H