CG Accident News : प्रतीक शर्मा/आशुतोष तिवारी/रामकुमार यादव, मुंगेली/जगदलपुर/अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ में आज भीषण सड़क हादसे सामने आए हैं. कहीं ट्रक की चपेट में आने से शिक्षक की मौत हो गई तो कहीं इनोवा और ट्रक में जबरदस्त टक्कर हो गई. वहीं एम्बुलेंस खेत में पलट गई. अलग-अलग सड़कों में एक की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं. 

अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आकर शिक्षक की मौत

मुंगेली जिले के लोरमी इलाके से एक हृदयविदारक खबर सामने आ रही है. जहां एक तेज रफ्तार ट्रक की लापरवाही ने एक शिक्षक की जान ले ली. झाफल के पास हुए इस भीषण सड़क हादसे में शिक्षक अजीत डाहिरे की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, तिलकपुर निवासी शिक्षक अजीत डाहिरे अपनी बाइक से अपने पैतृक गांव बैगाकापा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान झाफल स्थित महाराणा प्रताप स्कूल के पास विपरीत दिशा से आ रहे सीमेंट से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रक के नीचे पूरी तरह दब गई और अजीत डाहिरे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना पर पहुंची लोरमी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

NH-63 पर भीषण टक्कर, इनोवा-ट्रक भिड़े, 4 घायल

बस्तर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 63 पर किलेपाल के पास भीषण सड़क हादसा सामने आया है. यहां इनोवा कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में 4 लोग घायल हुए हैं, जबकि एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा टल गया. बताया जा रहा है कि दंपति जगदलपुर से गर्भवती पत्नी का इलाज कराकर बचेली लौट रहा था. इसी दौरान दंतेवाड़ा की तरफ से आ रहे ट्रक से कार की सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का टायर मौके पर ही फट गया. वहीं इनोवा कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. दुर्घटना में चालक कपिल (26), आशिष (29) और सुप्रिया (22) घायल हुए हैं. ट्रक चालक को भी मामूली चोटें आई हैं. घटना के बाद कोड़ेनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराया. सभी घायलों को किलेपाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज जगदलपुर रेफर किया गया है.

एम्बुलेंस हादसे का शिकार

सरगुजा जिले के नेशनल हाइवे 43 में एम्बुलेंस हादसे का शिकार हो गई. तेज रफ्तार एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा पलटी. हादसे में एम्बुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. चालक बुरी तरह से वाहन में फंस गया था. घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और चालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला. इसे अस्पातल भेजवाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.