अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. बबुरी थाना क्षेत्र स्थित विद्युत उपकेंद्र पर कथित रूप से हंगामा कर बिजली आपूर्ति बाधित करने के मामले में विद्युत विभाग की तहरीर पर भाजपा नेता महेंद्र सेठ उर्फ पप्पू सेठ सहित 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) प्रदीप कुमार ने आरोप लगाया है कि रात करीब साढ़े 10 बजे महेंद्र सेठ उर्फ पप्पू सेठ अपने कुछ साथियों के साथ विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों पर दबाव बनाया. आरोप है कि इस दौरान संचालित औद्योगिक फीडर को भी जबरन बंद करा दिया गया.
इसे भी पढ़ें : ‘सांसद जी हम घर नहीं जाएंगे, घरवाली कह रही, लाइन नहीं चालू करा पा रहे, क्या भाजपा नेता हो?’
तहरीर के अनुसार, उपद्रवियों ने कंट्रोल रूम के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया, जिससे कर्मचारी अंदर प्रवेश नहीं कर सके और पूरी रात बिजली आपूर्ति प्रभावित रही. घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई. बताया गया कि रातभर बिजली बाधित रहने से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. अगले दिन सुबह लगभग 10:40 बजे उच्च अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में उपकेंद्र का ताला खुलवाया गया, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल कराई गई.
मुकदमा दर्ज
सूत्रों के अनुसार, घटना के पीछे स्थानीय स्तर पर विवाद की चर्चा भी रही, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस फिलहाल दर्ज मुकदमे और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है. इस संबंध में बबुरी इंस्पेक्टर विनोद मिश्रा ने बताया कि विद्युत विभाग के जेई की तहरीर के आधार पर महेंद्र सेठ उर्फ पप्पू सेठ सहित 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 121(1), 190 और 221 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें : विपक्ष से टिकट की मांग, भाजपा विधायक-सांसदों का आवेदन पत्र! विद्युत के विषय पर अखिलेश का तंज, मंत्री पर साधा निशाना
पत्नी को खुश करने के चक्कर में पड़ गए लेने के देने
बता दें कि बीते दिनों बबुरी थाना क्षेत्र में बिजली कटौती से परेशान स्थानीय लोगों ने बिजली घर का घेराव किया था. वहीं इस बीच बीजेपी नेता पप्पू सेठ ने बिजली घर के दरवाजे पर ताला जड़ दिया था. पत्नी को खुश करने के लिए भाजपा नेता ने पावर हाउस में का ताला बंद किया था. हंगामे के बीच एक शख्स ने उपकेंद्र में ताला जड़ दिया. जब सांसद ने उस शख्स को फोन किया तो उसने कहा कि ‘सांसद जी हमने ताला बंद कर दिया है और हम यहां से घर नहीं जाएंगे. हमारी बीवी कह रही है कि आप क्या भाजपा के नेता हो जब लाइन नहीं दे पा रहे हो. जाओ यहां से. तो हम ताला बंद करके यहां धरना पर बैठे हुए हैं पावर हाउस पे. अब जो करना है आप करिए.’

