राजधानी दिल्ली में नकली बेयरिंग के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। Delhi Police की क्राइम ब्रांच ने फराश खाना इलाके में चल रही दो अवैध फैक्ट्रियों पर छापा मारकर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान हजारों नकली बेयरिंग और मशीनरी बरामद की गई। जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी विदेशों से कम कीमत पर बेयरिंग मंगवाते थे और उन पर नामी कंपनियों के फर्जी ट्रेडमार्क लगाकर उन्हें असली उत्पाद बताकर बाजार में सप्लाई करते थे। डीसीपी क्राइम ब्रांच Sanjeev Kumar Yadav ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित आमिर खान और मोहम्मद अनस लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे। आमिर पहले भी कॉपीराइट उल्लंघन और धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है।

क्राइम ब्रांच की टीम ने 16 मई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मीर मदारी गली स्थित दो वर्कशॉप्स पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान 5,067 नकली बेयरिंग, चार स्टैम्पिंग मशीनें, एक पैकिंग मशीन और बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री जब्त की गई। पहली फैक्ट्री से 4,959 नकली बेयरिंग और दूसरी यूनिट से 108 नकली बेयरिंग बरामद हुए। पुलिस ने दोनों फैक्ट्रियों को सील कर दिया है।

फिलहाल पुलिस कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर इस सिंडिकेट के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि विदेशों से माल किस चैनल के जरिए मंगवाया जाता था और दिल्ली-एनसीआर समेत देश के किन बाजारों में इसकी सप्लाई होती थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m