कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। देश की सबसे प्रीमियम ट्रेनों में शामिल वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर खानपान की गुणवत्ता को लेकर सवालों के घेरे में है। हज़रत निज़ामुद्दीन से झांसी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी और एआईसीसी अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने उन्हें परोसे गए दूध की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि दूध की जगह ऐसा संदिग्ध लिक्विड परोसा गया जो केमिकल या मिलावटी पदार्थ जैसा दिखाई दे रहा था। मामले की शिकायत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर रेल मंत्री और IRCTC से की गई है।
मामला वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 22470 का
दरअसल यह मामला वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 22470 का है, जो हज़रत निज़ामुद्दीन से झांसी जा रही थी। यात्रा के दौरान यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष बृजलाल खाबरी भी मौजूद थे। आरोप है कि ट्रेन में सर्व किया गया दूध सामान्य दूध जैसा नहीं था, बल्कि उसकी बनावट और रंग देखकर वह किसी केमिकल या मिलावटी लिक्विड जैसा दिखाई दे रहा था। राजेंद्र पाल गौतम ने स्वयं इस पूरे मामले का वीडियो बनाया और यात्रियों को परोसे गए दूध की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।
IRCTC को शिकायत दर्ज कराई
बताया गया कि कोच E-2 की सीट नंबर 1, 2, 3 और 4 पर यात्रा कर रहे यात्रियों और उनके स्टाफ ने तुरंत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर रेल मंत्री और IRCTC को टैग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। पोस्ट में कहा गया कि यदि वंदे भारत जैसी प्रीमियम और महंगी ट्रेन में यात्रियों को इस तरह का संदिग्ध दूध परोसा जा रहा है, तो सामान्य ट्रेनों में यात्रियों को कैसी गुणवत्ता का खाना और पेय पदार्थ मिल रहा होगा। पोस्ट में रेलवे और केंद्र सरकार से सवाल पूछते हुए वेंडर्स की जवाबदेही तय करने की मांग भी की गई है।
उच्च स्तरीय जांच की मांग
शिकायत में पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने, परोसे गए दूध के सैंपल की लैब टेस्टिंग कराने और यदि मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित वेंडर या कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। राजेंद्र पाल गौतम का कहना है कि प्रीमियम किराया लेने के बावजूद यात्रियों की सेहत के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता।
ट्रेन की कैटरिंग व्यवस्था पर सवाल
अब देखना होगा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर रेल मंत्री और IRCTC से की गई इस शिकायत के बाद रेलवे प्रशासन क्या कार्रवाई करता है। क्या दूध की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी और जिम्मेदार वेंडर पर कार्रवाई होगी, या फिर यह मामला भी सिर्फ शिकायत तक ही सीमित रह जाएगा। फिलहाल इस घटना ने वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन की कैटरिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

