IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 में चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच खेले गए सीजन के 53वें मुकाबले में युवा बल्लेबाज उर्विल पटेल ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया। चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेले गए इस मुकाबले में उर्विल पटेल ने ऐसी तूफानी पारी खेली, जिसने कई बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए।
204 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को 45 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए 27 वर्षीय उर्विल पटेल ने आते ही लखनऊ के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों में 65 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें चौकों और छक्कों की बरसात देखने को मिली।
13 गेंदों में पूरी की फिफ्टी
उर्विल पटेल ने अपनी अर्धशतकीय पारी महज 13 गेंदों में पूरी कर ली। इसके साथ ही उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के आईपीएल इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। यशस्वी जायसवाल ने साल 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 13 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी।
उर्विल पटेल अब आईपीएल में संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इसके साथ ही वह चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड सुरेश रैना के नाम था, जिन्होंने साल 2014 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 16 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज
- यशस्वी जायसवाल – 13 गेंद बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (2023)
- उर्विल पटेल – 13 गेंद बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स (2026)
- केएल राहुल – 14 गेंद बनाम दिल्ली कैपिटल्स (2018)
- पैट कमिंस – 14 गेंद बनाम मुंबई इंडियंस (2022)
- रोमारियो शेफर्ड – 14 गेंद बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (2025)
एबी डिविलियर्स का कीर्तिमान भी टूटा
उर्विल पटेल ने अपनी इस तूफानी पारी के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स का 11 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। उर्विल ने अपनी पारी की पहली 10 गेंदों में 42 रन बना दिए, जो आईपीएल इतिहास में किसी बल्लेबाज द्वारा शुरुआती 10 गेंदों में बनाया गया सबसे ज्यादा स्कोर है।
इससे पहले एबी डिविलियर्स ने साल 2015 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपनी पहली 10 गेंदों में 41 रन बनाए थे।
पिता को समर्पित किया अर्धशतक
उर्विल पटेल ने यह अर्धशतक अपने पिता को समर्पित किया है। अर्धशतक पूरा करने के बाद उन्होंने अनोखे अंदाज में जश्न मनाया। पहले दोनों हाथ जोड़कर उन्होंने ईश्वर को धन्यवाद दिया और फिर जेब से एक पर्ची निकाली, जिसमें लिखा था, ‘यह आपके लिए है पापा।’ इसके अलावा उर्विल ने गुजराती में भी खास मैसेज लिखा था।
आईपीएल में पहली बार हुआ ऐसा कारनामा
उर्विल पटेल आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने अपनी पारी की पहली 8 गेंदों में 6 छक्के लगाने का अनोखा रिकॉर्ड बनाया है। उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी ने चेपॉक में मौजूद दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
उर्विल की इस ऐतिहासिक पारी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को रोमांचक मुकाबले में 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा, जबकि लखनऊ की टीम को बड़ा झटका लगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

