सुनील उपाध्याय, छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में किसानों को खाद की किल्लत में धकेल कर मुनाफाखोरी और कालाबाजारी करने वाले अवैध कारोबारियों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। महाराजपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम पुरनाथपुर मौजा में अवैध रूप से खाद का भंडारण कर कालाबाजारी की साजिश रच रहे कारोबारी के ठिकाने पर आधी रात को बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई। पुलिस और राजस्व टीम ने बबलू पटेल नाम के कारोबारी के निजी फार्म हाउस पर अचानक छापा मारकर 275 बोरियों से अधिक अवैध खाद जब्त की और पूरे परिसर को सील कर दिया।

ये भी पढ़ें: फर्जी डिग्री के सहारे 20 साल सरकारी नौकरी! 50 शिक्षकों पर FIR दर्ज करने की तैयारी, DEO ने जारी किए आदेश

एसडीएम ने टीम के साथ मारा छापा

कार्रवाई के संबंध में नौगांव एसडीएम गोपाल शरण पटेल ने बताया कि बीती रात करीब 11 बजे उन्हें गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि महाराजपुर क्षेत्र के ग्राम पुर/नाथपुर मौजा स्थित एक निजी फार्म हाउस में भारी मात्रा में खाद का अवैध स्टॉक जमा कर रखा गया है, जिसे ऊंचे दामों पर कालाबाजारी के जरिए बेचने की तैयारी थी। सूचना मिलते ही एसडीएम ने तत्काल तहसीलदार और पुलिस बल के साथ मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी की।

3 लाख रुपये मूल्य की 275 बोरी खाद जब्त

मौके पर की गई सघन जांच में एनएफएल की 218 बोरी मृदाकल्प और 57 बोरी यूरिया पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है। जब कारोबारी से खाद के इस बड़े स्टॉक से संबंधित वैधानिक लाइसेंस और दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी वैध रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे गोदाम परिसर को सील कर दिया।

ये भी पढ़ें: आयुष्मान योजना भुगतान विवाद: MP के निजी अस्पतालों ने स्थगित किया प्रदर्शन, 1000 एंबुलेंस के साथ दिल्ली कूच रद्द

महाराजपुर थाने में FIR दर्ज

खाद की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के इस गंभीर मामले में आरोपी बबलू पटेल के खिलाफ महाराजपुर थाने में सुसंगत धाराओं के तहत FIR दर्ज कराई गई है। जिला प्रशासन की इस सख्त और अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के खाद कालाबाजारियों में हड़कंप मच गया है। एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हक का खाद छिपाकर कालाबाजारी करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m