China Masters finals 2026: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने चाइना मास्टर्स के फाइनल का टिकट कटाया है। भारतीय जोड़ी ने शनिवार को सेमीफाइनल में मलेशिया की 29वीं रैंक वाली जोड़ी को 21-16, 18-21, 21-11 से हराया। करीब 1 घंटे 5 मिनट चले मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की।
अब खिताब के लिए सात्विक-चिराग की टक्कर चीन की घरेलू जोड़ी से होगी। खास बात यह है कि भारतीय जोड़ी पिछले चार साल में तीसरी बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है। 2023 और 2025 में भी दोनों ने फाइनल खेला था, लेकिन ट्रॉफी नहीं जीत सके थे।
इस बार सात्विक-चिराग के पास इस सिलसिले को खत्म करने का मौका है। दोनों ने इसी साल मई में सिंगापुर ओपन का खिताब जीता था।
0-5 से पिछड़े, फिर लगातार 7 अंक लेकर पलटा मैच
सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी की शुरुआत खराब रही। सात्विक-चिराग 0-5 से पीछे हो गए थे। लेकिन इसके बाद दोनों ने गजब की वापसी की और लगातार 7 अंक अपने नाम कर लिए।
इस दौरान 34 शॉट की लंबी रैली भी देखने को मिली। भारतीय जोड़ी ने इसके बाद 7-5 की बढ़त बना ली। मलेशियाई खिलाड़ी नूर की गलतियों का फायदा उठाते हुए सात्विक-चिराग 10-6 से आगे हो गए।
मलेशियाई जोड़ी ने स्कोर करीब लाने की कोशिश की, लेकिन ब्रेक तक भारतीय खिलाड़ी 11-9 से आगे रहे। इसके बाद सात्विक-चिराग ने पहला गेम 21-16 से जीत लिया।
दूसरे गेम में मलेशिया ने बराबरी की
दूसरे गेम में मलेशियाई जोड़ी ने वापसी की। भारतीय खिलाड़ियों ने कई मौकों पर बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन मलेशियाई जोड़ी ने अहम अंक हासिल किए और गेम 21-18 से जीत लिया।
स्कोर 1-1 होने के बाद मुकाबला तीसरे और निर्णायक गेम में पहुंच गया।
सेमीफाइनल से पहले सात्विक-चिराग का मलेशियाई जोड़ी के खिलाफ रिकॉर्ड 2-0 था। दोनों ने 2024 थाईलैंड ओपन और 2025 मलेशिया ओपन में भी उन्हें शिकस्त दी थी।
निर्णायक गेम में भारतीय जोड़ी का तूफानी खेल
तीसरे गेम में सात्विक-चिराग ने कोई मौका नहीं दिया। दोनों ने लंबे शॉट्स पर शानदार नियंत्रण रखा और ब्रेक तक 11-4 की बड़ी बढ़त बना ली।
इसके बाद सात्विक ने जोरदार स्मैश लगाकर स्कोर 13-6 कर दिया। मैच आगे बढ़ा तो मलेशियाई खिलाड़ी थकने लगे। उनकी गलतियां बढ़ीं और भारतीय जोड़ी ने इसका पूरा फायदा उठाया।
चिराग के सटीक शॉट के बाद भारत जीत से बस एक कदम दूर रह गया। मलेशियाई खिलाड़ी टैन ने शुरुआती दो मैच प्वाइंट बचाए, लेकिन तीसरी बार चिराग ने चालाकी भरी सर्व के जरिए अंक हासिल कर लिया।
तीसरा गेम 21-11 से जीतते ही सात्विक-चिराग फाइनल में पहुंच गए।
दो बार फाइनल हारे, अब पहली ट्रॉफी पर नजर
सात्विक-चिराग दुनिया की नंबर-5 जोड़ी हैं और एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। चाइना मास्टर्स में 2023 और 2025 में रनर-अप रहने के बाद अब उनकी नजर पहली बार खिताब जीतने पर है।
फाइनल में सामने चीन की घरेलू जोड़ी होगी। ऐसे में भारतीय जोड़ी के सामने सिर्फ ट्रॉफी जीतने की चुनौती नहीं होगी, बल्कि घरेलू दर्शकों के दबाव के बीच अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाने की भी परीक्षा होगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



