अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA के डायरेक्टर जॉन रैटक्लिफ अचानक मॉस्को पहुंचे हैं। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रैटक्लिफ अमेरिकी वायुसेना के C-17 ग्लोबमास्टर विमान से रूस गए हैं और वहां रूसी अधिकारियों के साथ अहम बैठकें कर रहे हैं। CIA प्रमुख बनने के बाद रूस की यह उनकी पहली यात्रा है।
C-17 से मॉस्को पहुंचे रैटक्लिफ
रैटक्लिफ के रूस दौरे की पहले से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी। फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, अमेरिकी वायुसेना का C-17 विमान पहले वॉशिंगटन के पास जॉइंट बेस एंड्रयूज से लातविया की राजधानी रीगा पहुंचा। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 9 बजे विमान मॉस्को के लिए रवाना हुआ और व्नुकोवो एयरपोर्ट पर उतरा।
विमान RCH4555 कॉल साइन के साथ उड़ान भर रहा था। खास बात यह है कि विमान ने रूसी हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल किया, जिसके लिए संबंधित रूसी अधिकारियों की अनुमति जरूरी होती है।
यूक्रेन युद्ध के बीच मॉस्को दौरा अहम
रैटक्लिफ की यात्रा ऐसे समय हुई है जब रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म कराने के अमेरिकी प्रयासों में फिलहाल कोई बड़ी प्रगति नहीं दिख रही है। अमेरिका और रूस के बीच कई दौर की बातचीत के बावजूद अंतिम समझौता नहीं हो सका है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि रैटक्लिफ की रूसी अधिकारियों के साथ बैठकों में यूक्रेन युद्ध मुख्य मुद्दा है या नहीं। अमेरिकी सरकार ने भी उनकी यात्रा पर अभी आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
2021 में आखिरी बार CIA चीफ पहुंचे थे रूस
इससे पहले मॉस्को जाने वाले आखिरी ज्ञात CIA डायरेक्टर विलियम बर्न्स थे, जिन्होंने नवंबर 2021 में रूस का दौरा किया था। इसके कुछ महीनों बाद रूस ने यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू किया था।
C-17 ग्लोबमास्टर क्यों है खास?
C-17 ग्लोबमास्टर III अमेरिकी वायुसेना का भारी सैन्य परिवहन विमान है। इसका इस्तेमाल सैनिकों, सैन्य वाहनों, टैंकों और भारी सामान की आवाजाही के अलावा राहत सामग्री पहुंचाने तथा सैन्य निकासी अभियानों में भी किया जाता है। भारत के पास भी 11 C-17 ग्लोबमास्टर हैं, जिन्हें भारतीय वायुसेना की 81 स्क्वाड्रन ‘स्काई लॉर्ड्स’ संचालित करती है। इनका प्रमुख बेस हिंडन एयरबेस में है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


