पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान ने भारत पर किए गए हमलों के नतीजों का आकलन करने के लिए कमर्शियल सैटेलाइट इमेजरी का सहारा लेने की कोशिश की थी। यहां तक कि उसने चीनी सैटेलाइट कंपनियों से भी तस्वीरें हासिल करने का प्रयास किया, लेकिन उसे अपने हमलों से किसी भारतीय लक्ष्य को नुकसान पहुंचने का ठोस सबूत नहीं मिला।

पाकिस्तान को नहीं पता था हमलों का नतीजा

नई दिल्ली स्थित विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन के ‘विमर्श’ कार्यक्रम में जनरल चौहान ने कहा कि पाकिस्तान अपने हमलों के वास्तविक परिणामों को लेकर स्पष्ट नहीं था। इसलिए उसने 10 मई के बाद करीब 12 मई तक सैटेलाइट तस्वीरों के जरिए नुकसान का आकलन करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान यह पता लगाना चाहता था कि उसके हमलों से वास्तव में कोई लक्ष्य प्रभावित हुआ या नहीं।

चीनी सैटेलाइट कंपनियों से भी ली मदद

जनरल चौहान के मुताबिक, अपेक्षित जानकारी नहीं मिलने पर पाकिस्तान ने दूसरी चीनी कमर्शियल सैटेलाइट सेवाओं को भी आजमाया। हालांकि, इन प्रयासों के बावजूद उसे ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला जिससे भारतीय ठिकानों पर उसके हमलों की सफलता साबित हो सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चीनी कमर्शियल सैटेलाइट तस्वीरें किसी भी ग्राहक के लिए उपलब्ध हो सकती हैं। अमेरिका और चीन की कई निजी कंपनियां व्यावसायिक आधार पर सैटेलाइट इमेजरी उपलब्ध कराती हैं।

तस्वीरें तुरंत हासिल करना आसान नहीं

पूर्व CDS ने बताया कि कमर्शियल सैटेलाइट इमेजरी हासिल करने के लिए आमतौर पर पहले अनुबंध और भुगतान की प्रक्रिया पूरी करनी होती है। इसके बाद तस्वीरें उपलब्ध होने में कुछ समय लग सकता है। यानी केवल भुगतान करने से किसी इलाके की तस्वीर तुरंत मिलना जरूरी नहीं है।

पाकिस्तान में उठे सवाल

जनरल चौहान के अनुसार, जब पाकिस्तान को अपेक्षित सबूत नहीं मिले तो वहां कई तरह की अटकलें शुरू हो गईं। कुछ लोगों को संदेह हुआ कि शायद हमलों के वास्तविक परिणामों की जानकारी उनसे छिपाई गई है। ऑपरेशन सिंदूर भारत ने 7 मई 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में शुरू किया था। भारत के अनुसार, कार्रवाई में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m