शुभम जायसवाल, राजगढ़। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को राजगढ़ जिले के सारंगपुर स्थित प्रसिद्ध भैंसवामाता मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान 2.0 के राज्य स्तरीय समापन समारोह में सहभागिता की। मुख्यमंत्री के आगमन पर हेलीपैड से लेकर मंदिर परिसर तक जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उनका पारंपरिक और भव्य स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने भैंसवामाता व माता बिजासन के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि-खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने पवित्र दूधतलाई में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा पूजन, गौ-पूजन एवं बेलपत्र का पौधरोपण कर जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर आदिवासी लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। समारोह में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल, सांसद रोडमल नागर समेत जिले के विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें: सीएम डॉ मोहन से मिले पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री: मुख्यमंत्री ने लिया आशीर्वाद, बाबा महाकाल की प्रतिमा भेंट की

11 इलेक्ट्रिक वाहन किए वितरित

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए लखपति दीदी समूहों को 11 इलेक्ट्रिक वाहन वितरित किए। वहीं दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ट्राइसाइकिल भी प्रदान की गई। इसके साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यावरण प्रेमी समूहों को सम्मानित किया गया।

सीएम ने किये ये ऐलान

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने अपने संबोधन में राजगढ़ जिले के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने भैंसवामाता लोक के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 20 करोड़ रुपये की स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके अलावा सारंगपुर नगर में शासकीय भवनों के पुनर्निर्माण, अंबे माता मंदिर के जीर्णोद्धार, नवीन फोरलेन के समीप आधुनिक आवासीय कॉलोनी के विकास और उतावली नदी पर नए पुल के निर्माण की घोषणा भी की।

ये भी पढ़ें: सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर: 10 साल बाद प्रमोशन का रास्ता साफ, सरकार ने जारी किए निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जल संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे अभियान जनभागीदारी से ही सफल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में धार्मिक पर्यटन, आधारभूत विकास और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है और सारंगपुर-पचोर क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m