प्रतीक पटनायक, धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के पशुपालकों के लिए राहत भरी खबर है. पशुओं के इलाज के लिए अब जेनेरिक दवाइयां सस्ती और उचित दरों पर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी. धमतरी विकासखंड में जिले के प्रथम पशु औषधि विक्रय केंद्र यानी PAVK की स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है.

पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित Livestock Health and Disease Control Programme यानी LHDCP के तहत पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण और किफायती पशु औषधियां उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है. इसी क्रम में धमतरी विकासखंड में प्रस्तावित प्रथम पशु औषधि विक्रय केंद्र के लिए प्राप्त आवेदन पोर्टल पर स्वीकृत होने के बाद आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन 6 अगस्त 2026 को पूरा कर लिया गया.

खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ में पोर्टल पर स्वीकृत आवेदनों में दस्तावेज सत्यापन के चरण तक पहुंचने वाला यह अब तक का एकमात्र आवेदन बताया गया है. ऐसे में इस पहल को लेकर धमतरी जिले को अग्रणी अवसर मिला है. PAVK का संचालन शुरू होने के बाद धमतरी विकासखंड क्षेत्र के पशुपालकों को जेनेरिक पशु औषधियां स्थानीय स्तर पर सस्ती दरों में उपलब्ध हो सकेंगी. इससे पशुओं के इलाज में होने वाला खर्च कम होने के साथ समय पर दवाइयां मिलने में भी मदद मिलेगी.

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन को राज्य की संपदा मानते हैं और उनका निर्देश है कि पशुपालकों को बेहतर और सुलभ पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. राज्य की साय सरकार की सोच है कि पशुधन ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आय का महत्वपूर्ण आधार है. ऐसे में पशुओं के लिए दवाइयों की आसान और किफायती उपलब्धता पशुपालकों की आजीविका को मजबूत करने में मददगार साबित होगी.

PAVK के शुरू होने से पशुपालकों को पशु औषधियों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की जरूरत भी कम होगी. यह पहल जिले में पशुधन स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H