CM Samrat Chaudhary: रक्षाबंधन के मौके पर सीएम सम्राट चौधरी ने बिहार की बहनों के लिए एक बड़ा ऐलान किया है। सीएम सम्राट ने सोशल मीडिया एक्स पर इसका ऐलान करते हुए कहा कि, बिहार की बहनों के लिए एक ‘महिला विश्वविद्यालय’ का निर्माण किया जाएगा, जहां हमारी बेटियां उच्च शिक्षा प्राप्त करेंगी तथा महिला विश्वविद्यालय में प्राध्यापक से लेकर कुलपति एवं सभी पदों पर सिर्फ महिलाएं ही जिम्मेदारी निभाएंगी।
सीएम ने कहा कि, यह विश्वविद्यालय बिहार की बेटियों के सपनों को नया आकाश देगा, जहां शिक्षा के साथ नेतृत्व, कौशल के साथ आत्मविश्वास और ज्ञान के साथ आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने बिहार की सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी।
मगध महिला महाविद्यालय में छात्राओं से संवाद
इसके अलावा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना स्थित मगध महिला महाविद्यालय परिसर में (G+6) साइंस ब्लॉक एवं ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य का भूमि पूजन का कार्यारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मगध महिला महाविद्यालय की छात्राओं से संवाद भी किया और उनकी शैक्षणिक आकांक्षाओं एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। सीएम सम्राट ने कहा कि ‘महिलाओं की उन्नति, बिहार की प्रगति’ राज्य सरकार की प्राथमिकता है। बिहार की बेटियों और बहनों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना विकसित एवं समृद्ध बिहार के निर्माण के लिए अत्यावश्यक है।
आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़े छात्राएं- सीएम सम्राट
सीएम सम्राट ने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं को मजबूत किया जा रहा है। साइंस ब्लॉक के निर्माण से मगध महिला महाविद्यालय की छात्राओं को विज्ञान विषयों की पढ़ाई के लिए बेहतर एवं आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। इससे छात्राओं को उच्च शिक्षा, शोध और रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि आज की बेटियां शिक्षा के हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। सरकार का प्रयास है कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने छात्राओं से अपने लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
समृद्ध बिहार को साकार करने में महिलाओं की भूमिका अहम
सीएम ने कहा कि, भारत एवं समृद्ध बिहार’ के संकल्प को साकार करने में महिलाओं और बेटियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ‘बहनों का सम्मान, सरकार की पहचान’ के अनुरूप राज्य सरकार महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को निरंतर प्राथमिकता दे रही है। बिहार की बेटियों को बेहतर शिक्षा और अवसर देकर ही राज्य की विकास यात्रा को नई गति दी जा सकती है। शिक्षित और आत्मनिर्भर महिलाएं समृद्ध बिहार की मजबूत नींव हैं।
संवाद के दौरान मगध महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने अपनी समस्यायें एवं सुझाव भी मुख्यमंत्री के साथ साझा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप निर्भीक होकर अपनी सारी बातें बताए। आपके कॉलेज और आपको शैक्षणिक क्षेत्र में किस चीज की आवश्यकता है, मगध महिला महाविद्यालय को और बेहतर कैसे बनाया जा सकता है, इसको लेकर हम आपके बीच आए हैं। इस अवसर पर मगध महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को रक्षा सूत्र भी बांधा।
ये भी पढ़ें- ‘मुख्यमंत्री पर तरस आता है….’, सीएम सम्राट के लिए रोहिणी आचार्य ने ऐसा क्यों कहा?


