लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को फतेहपुर, जालौन और आगरा के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह तीनों जिलों में 2,100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे.

सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी, जनसुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार व निवेश के नए अवसर पैदा होंगे. मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और स्वीकृति पत्र भी वितरित करेंगे.

इसे भी पढ़ें- 30 साल का इंतजार खत्म! लखनऊ में बनेगी 11 KM की एलिवेटेड रोड, हजरतगंज से वरुण विहार तक का सफर सिर्फ 20 मिनट में

फतेहपुर को मिलेगी 489 करोड़ की विकास सौगात

मुख्यमंत्री अपने दौरे की शुरुआत सुबह 11 बजे फतेहपुर से करेंगे. यहां वह 489 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 125 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं. सरकार का कहना है कि इनसे जिले के विकास को नई गति मिलेगी.

जालौन में 1,274 करोड़ की 374 परियोजनाओं का शुभारंभ

दोपहर 12:30 बजे मुख्यमंत्री जालौन पहुंचेंगे, जहां 1,274 करोड़ रुपये की 374 परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे. यह तीनों जिलों में सबसे बड़ा विकास पैकेज होगा. इसमें सड़क निर्माण, शहरी विकास, सिंचाई, लोक निर्माण और अन्य जनकल्याणकारी परियोजनाएं शामिल हैं. सरकार का मानना है कि इन योजनाओं से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.

आगरा में 342 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री दोपहर 3 बजे आगरा में 342 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 53 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इनमें पर्यटन, शहरी विकास, पेयजल, सड़क और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं प्रमुख हैं. इससे आगरा की आधारभूत संरचना और पर्यटन सुविधाओं को नया बल मिलने की उम्मीद है.

इसे भी पढ़ें- UP में बदमाशी नहीं चलेगी! मवेशी चोरों और खाकी के बीच मुठभेड़, फिर जो हुआ…

ODOP और लाभार्थियों पर रहेगा विशेष फोकस

तीनों कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और स्वीकृति पत्र सौंपेंगे. साथ ही ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर देंगे. सरकार का कहना है कि इन विकास परियोजनाओं से तीनों जिलों में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.