सतीश सिंह, सिद्धार्थनगर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को जनपद सिद्धार्थनगर के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह जिले के डुमरियागंज और बांसी विधानसभा क्षेत्रों को 311 करोड़ रुपये से अधिक की 107 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. साथ ही मुख्यमंत्री विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित करेंगे.
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. उनके दौरे को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह है. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विकास कार्यों की प्रगति और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की स्थिति का संदेश भी देंगे.
इसे भी पढ़ें : लखनऊ में तिरंगे का सैलाब! योगी संग 30 हजार युवाओं ने निकाली यात्रा, गूंजा ‘भारत माता की जय’
डुमरियागंज को 44 परियोजनाओं की सौगात
डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री कुल 44 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इनमें 63 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 22 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है. इसके अलावा 57 करोड़ रुपये की लागत वाली 22 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा.
इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है. विकास कार्यों के जरिए स्थानीय स्तर पर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े ढांचे को बेहतर बनाने पर जोर रहेगा.
बांसी में 65 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
बांसी विधानसभा क्षेत्र को भी मुख्यमंत्री बड़ी विकास सौगात देंगे. यहां 64 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 24 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि 127 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 41 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा.
इसे भी पढ़ें : राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे पर केशव मौर्य का तंज, बोले- अखिलेश का साथ भी नहीं बचा पाया ‘फ्लॉप शो’
इस तरह बांसी क्षेत्र में कुल 65 परियोजनाओं के जरिए करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं को गति मिलेगी. मुख्यमंत्री इन परियोजनाओं की आधारशिला रखने के साथ क्षेत्र के विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को भी सामने रखेंगे.
लाभार्थियों को मिलेंगे प्रमाण पत्र
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी सौंपे जाएंगे. इससे सरकार की योजनाओं के लाभ को सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाने का संदेश दिया जाएगा. सिद्धार्थनगर को गौतम बुद्ध की धरती के रूप में विशेष पहचान हासिल है. ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले के विकास के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. डुमरियागंज और बांसी विधानसभा क्षेत्रों की 107 परियोजनाओं पर 311 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होने से आने वाले समय में क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है.


