लखनऊ. राजधानी रविवार को देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया. काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगांठ और स्वतंत्रता दिवस से पहले ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिरंगा यात्रा निकाली. 5 कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास से शुरू हुई ‘तिरंगा यात्रा-युवाओं के साथ’ में करीब 30 हजार युवा शामिल हुए.

हाथों में तिरंगा लेकर निकले युवाओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए. यात्रा के दौरान राजधानी की सड़कों पर देशभक्ति का माहौल नजर आया. मुख्यमंत्री के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक समेत प्रदेश सरकार के मंत्री और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें- आरक्षण पर मायावती का बड़ा हमला, RSS को दी नसीहत- ‘राजनीति बंद करे, संविधान का सम्मान करे’

राम प्रसाद बिस्मिल और रोशन सिंह को किया याद

यात्रा के शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काकोरी ट्रेन एक्शन से जुड़े क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया. उन्होंने पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह सहित अन्य क्रांतिकारियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन युवाओं के अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक था.

योगी ने कहा कि इन क्रांतिकारियों ने ब्रिटिश हुकूमत की चूलें हिलाईं और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया. उनके अनुसार, तिरंगा यात्रा शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम है.

‘तिरंगा सिर्फ झंडा नहीं, देश की आन-बान-शान’

मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है. यह देश की एकता, विकास, विरासत और राष्ट्रीय गौरव को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और इसे सकारात्मक दिशा देने की जरूरत है. योगी ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि काकोरी के क्रांतिकारियों ने जिस उम्र में देश की आजादी के लिए संघर्ष किया था, उसी युवा ऊर्जा को आज राष्ट्र निर्माण में लगाया जाना चाहिए.

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान पर भी जोर दिया. उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता दिवस से पहले अपने घरों पर तिरंगा लगाने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की अपील की.

पंकज चौधरी बोले- तिरंगा 140 करोड़ भारतीयों की ऊर्जा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने तिरंगे को देश के 140 करोड़ नागरिकों के दिलों की ऊर्जा बताया. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराने से भारतीय खिलाड़ियों और देशवासियों का आत्मविश्वास बढ़ता है. उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख सेनानियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि तिरंगे का हर धागा संघर्ष और बलिदान की कहानी कहता है. पंकज चौधरी ने जम्मू-कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने और अनुच्छेद 370 हटाए जाने का भी जिक्र किया.

हर नागरिक अपने घर और प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहरा सकता है

उन्होंने कहा कि नेशनल फ्लैग कोड में बदलाव के बाद देश का हर नागरिक अपने घर और प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहरा सकता है. साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा से जुड़ी उपलब्धियां भी गिनाईं. मुख्यमंत्री आवास से शुरू हुई यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए विधान भवन तक पहुंची. रास्तेभर युवा तिरंगा लहराते और देशभक्ति के नारे लगाते नजर आए. ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष से राजधानी का माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा.

इसे भी पढ़ें- राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे पर केशव मौर्य का तंज, बोले- अखिलेश का साथ भी नहीं बचा पाया ‘फ्लॉप शो’

स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इस यात्रा को भाजपा के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की अहम कड़ी माना जा रहा है. कार्यक्रम के जरिए काकोरी के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ युवाओं को राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान का संदेश दिया गया.