लखनऊ. प्रयागराज में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है. मौर्य ने दावा किया कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के समर्थन और सपा-कांग्रेस गठबंधन की पूरी ताकत झोंकने के बावजूद राहुल गांधी का प्रयागराज दौरा फ्लॉप शो साबित हुआ.

‘कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को छात्र कार्यक्रम बताया’

शनिवार रात सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन को ‘छात्रों का कार्यक्रम’ बताकर राजनीतिक असफलता को छिपाने की कोशिश की जा रही है. मौर्य ने कांग्रेस पर युवाओं के मुद्दों को लेकर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि देश की युवा पीढ़ी कांग्रेस का कथित दोहरा चरित्र देख रही है.

इसे भी पढ़ें- राहुल गांधी की सुरक्षा में बड़ी चूक, काफिले के सामने पहुंचे प्रदर्शनकारी, काले-भगवा झंडों से मचा हड़कंप

कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप

उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि जिन राज्यों में कांग्रेस सत्ता में भागीदार है, वहां युवाओं से जुड़े सवालों पर पार्टी चुप रहती है, जबकि भाजपा शासित राज्यों में उन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस विरोध और हंगामा करती है. उन्होंने कहा कि युवाओं को लेकर कांग्रेस की राजनीति अब जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो चुकी है और केवल कार्यक्रमों के जरिए राजनीतिक माहौल बनाने से उसे फायदा नहीं मिलने वाला.

अखिलेश यादव के समर्थन पर भी साधा निशाना

केशव मौर्य ने राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे में अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के समर्थन को लेकर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सपा का समर्थन भी उनके लिए ‘तिनका’ साबित हुआ. उन्होंने दावा किया कि सपा और कांग्रेस चाहे जितना गठबंधन और राजनीतिक जोड़-तोड़ कर लें, उत्तर प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ खड़ी है.

2027 चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज समेत पूरे उत्तर प्रदेश का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के साथ है और आगे भी भाजपा का समर्थन करता रहेगा. उन्होंने दावा किया कि यही जनसमर्थन 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन को पराजित करेगा. मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी.

इसे भी पढ़ें- UP में ढ़ेंफिर बरसेगा मानसूनः 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 4 इंच तक पानी गिरने की चेतावनी

राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे के बाद भाजपा और विपक्ष के बीच बयानबाजी तेज हो गई है. अब दोनों दलों के नेताओं के दावों के बीच 2027 की सियासी जमीन पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने के संकेत हैं.