सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश पुलिस के शौर्य, सेवा, संवेदना और कर्तव्यनिष्ठा को अब गीत के जरिए नई पहचान मिलेगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लोक भवन में उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष एंथम ‘खाकी का सितारा’ का शुभारंभ किया. यह गीत वर्दी के पीछे खड़े उस पुलिसकर्मी की कहानी को आवाज देता है, जो कठिन परिस्थितियों में भी सुरक्षा और जनसेवा के संकल्प के साथ डटा रहता है.
सुप्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार शंकर महादेवन ने इस गीत को आवाज और संगीत दिया है, जबकि महानायक अमिताभ बच्चन की दमदार आवाज ने इसे विशेष प्रभाव दिया है. प्रतिष्ठित कवि एवं फिल्म गीतकार आलोक श्रीवास्तव ने गीत के बोल लिखे हैं. इसकी परिकल्पना और समग्र क्रिएटिव डायरेक्शन पुलिस महानिदेशक के जनसम्पर्क अधिकारी राहुल श्रीवास्तव ने किया है. अभिनेता करण आनन्द ने गीत में अभिनय के जरिए खाकी के शौर्य, संवेदना और समर्पण को जीवंत किया है. इसका निर्देशन अमित सोनकर ने किया है. प्रवीण तालान, रूपाली तालान और आशीष रमेश पाण्डेय ने डीओपी की जिम्मेदारी संभाली है.
इसे भी पढ़ें : गोलियों की बौछार के बीच नहीं डिगे कदम : 12 जांबाजों को गैलेंट्री मेडल- 81 पुलिसकर्मी भी होंगे सम्मानित
‘हर जवान के लिए प्रेरणा बनेगा गीत’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘खाकी का सितारा’ उत्तर प्रदेश पुलिस को नई पहचान देने का अभिनव प्रयास है. यह गीत पुलिस की उपलब्धियों के साथ विषम परिस्थितियों में लगातार कर्तव्य निभाने वाले पुलिसकर्मियों के शौर्य और समर्पण को अभिव्यक्त करता है. उन्होंने शंकर महादेवन, आलोक श्रीवास्तव, करण आनन्द और पूरी रचनात्मक टीम के योगदान की सराहना की. मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह गीत उत्तर प्रदेश पुलिस के प्रत्येक जवान के लिए प्रेरणा का माध्यम बनेगा.
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने कहा कि ‘खाकी का सितारा’ केवल पुलिस की उपलब्धियों का गीत नहीं, बल्कि वर्दी के पीछे मौजूद इंसान की कहानी है. उन्होंने कहा कि रोज बिना किसी अपेक्षा के अपना दायित्व निभाने वाले पुलिसकर्मी ही वास्तव में खाकी के सितारे हैं. उन्होंने फिल्म जगत से पुलिस की बदलती और आधुनिक तस्वीर को भी समाज के सामने लाने का आग्रह किया.
इसे भी पढ़ें : 500 मीटर तिरंगे संग निकले AKTU के छात्र, देशभक्ति के नारों से गूंजा लखनऊ
‘सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा’
शंकर महादेवन ने गीत को मुख्यमंत्री और पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार को समर्पित किया. उन्होंने गीत की पंक्तियां “सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा” और “हम डटे रहे, हम खड़े रहे, चट्टानों जैसे अड़े रहे” प्रस्तुत कीं. उन्होंने कहा कि पुलिस की सेवा और संकल्प को संगीत के माध्यम से स्वर देना उनके लिए विशेष अनुभव रहा. कार्यक्रम में साइबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बनाई गई विशेष फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया. अभिनेता नाना पाटेकर अभिनीत और राज शांडिल्य निर्देशित फिल्म में नागरिकों को साइबर अपराध से सतर्क रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया.
नाना पाटेकर ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था में आए बदलाव की सराहना करते हुए कहा कि इतने बड़े और विविध प्रदेश में सुरक्षा के लिए मजबूत नेतृत्व के साथ आधुनिक संसाधन, तकनीक, स्पष्ट नीति और दृढ़ इच्छाशक्ति जरूरी है. उन्होंने कहा कि पुलिस जितनी आधुनिक होगी, नागरिक उतना सुरक्षित होगा और नागरिक जितना जागरूक होगा, अपराधियों के लिए चुनौती उतनी बढ़ेगी.उन्होंने सामाजिक उद्देश्यों और जन-जागरूकता अभियानों में फिल्म जगत की ओर से उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता भी जताई.


