कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक कांग्रेस नेता से पार्टी कार्यक्रम के नाम पर 10 लाख रुपए की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। ठग ने खुद को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का सचिव कनिष्क सिंह बताया था। कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य की शिकायत पर कुरुक्षेत्र की शहर थानेसर पुलिस ने अब इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

व्हाट्सएप कॉल से बुना ठगी का जाल

शिकायतकर्ता कांग्रेस नेता के मुताबिक, इसी साल 24 जनवरी को उनके पास एक व्हाट्सएप कॉल आई थी। फोन करने वाले ने कहा कि कांग्रेस का एक बड़ा ट्रेनिंग प्रोग्राम चंडीगढ़ में होने वाला है। इस कार्यक्रम में पार्टी के बड़े नेता शामिल होंगे। ठग ने नेताजी से कहा कि वे चंडीगढ़ के एक बड़े होटल में नेताओं के रुकने और खाने-पीने का इंतजाम संभालें।

चंडीगढ़ के बड़े होटल में बुलाकर लिए रुपए

शुरुआत में ठग ने नेताजी को होटल बुक करने के लिए कहा, लेकिन बाद में फोन करके बोला कि होटल की बुकिंग पार्टी खुद देख रही है। इसके बाद उसने नेताजी और संगठन सचिव को 10 लाख रुपए लेकर चंडीगढ़ के सेक्टर-35 स्थित एक नामी होटल में बुलाया। ठग ने यह भी लालच दिया कि पैसे देने के बाद उनकी मुलाकात दिल्ली के बड़े नेताओं से करवाई जाएगी।

ट्रूकॉलर और गूगल देखकर हुआ भरोसा

कांग्रेस नेता ने किसी भी तरह के धोखे से बचने के लिए फोन करने वाले का नंबर ट्रूकॉलर और गूगल पर भी चेक किया। वहां भी नाम कनिष्क सिंह ही दिखाई दे रहा था। इस वजह से उन्हें यकीन हो गया। उन्होंने और संगठन सचिव ने 5-5 लाख रुपए मिलाकर कुल 10 लाख रुपए का इंतजाम किया। रात को होटल की पार्किंग में उन्हें दीपक नाम का एक युवक मिला, जिसने फोन पर कनिष्क सिंह से बात कराने के बाद पैसे ले लिए। नेताजी ने समझदारी दिखाते हुए उस युवक की फोटो भी खींच ली थी।

अगले दिन फिर मांगे पैसे, तब खुला राज

ठगों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने अगले दिन नेताजी से 5 लाख रुपए और मांग लिए। जब कांग्रेस नेता को थोड़ा शक हुआ और उन्होंने पैसे देने में हिचकिचाहट दिखाई, तो आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया। बाद में जब नेताजी ने कांग्रेस पार्टी के दफ्तर से संपर्क किया, तो पता चला कि चंडीगढ़ में ऐसा कोई कार्यक्रम था ही नहीं। शुरुआत में बदनामी के डर से उन्होंने पुलिस में शिकायत नहीं की, लेकिन बाद में उत्तराखंड में ऐसे ही एक मामले की खबर देखकर उन्होंने कुरुक्षेत्र के पुलिस कप्तान से न्याय की गुहार लगाई।

दिल्ली बीजेपी की नई टीम का ऐलान, 11 जिलों में पदाधिकारी घोषित, 33 फीसदी महिलाओं की नियुक्ति