चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में मादक पदार्थों की तस्करी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर में ड्रग्स की बढ़ती खपत के बीच क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 1 करोड़ रुपए से अधिक कीमत की एमडी ड्रग्स बरामद की है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने 5 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से ड्रग्स के साथ-साथ एक अवैध पिस्टल भी बरामद हुई है।

पुलिस को देख भगाई स्कार्पियो, डिवाइडर से टकराई

एडिशनल पुलिस कमिश्नर आर.के. सिंह के मुताबिक क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सुपर कॉरिडोर पर मादक पदार्थ की एक बड़ी खेप की डिलीवरी होने की सटीक सूचना मिली थी। इस इनपुट के आधार पर जब पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की तो वहां एक काले रंग की स्कॉर्पियो और दो मोटरसाइकिलों पर कुछ संदिग्ध युवक दिखाई दिए।

ये भी पढ़ें : नशे और सट्टे का बढ़ता कारोबार: कांग्रेस MLA ने की बंद कराने की मांग, पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर की नारेबाजी

पुलिस को अपनी ओर आता देख स्कॉर्पियो चालक ने गाड़ी को तेज रफ्तार में भगाने की कोशिश की, लेकिन हड़बड़ाहट में वाहन सीधे डिवाइडर से जा टकराया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी मजबूत कर मौके से 5 आरोपियों को दबोच लिया, जबकि कुछ अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे।

1 किलोग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद

तस्करों की तलाशी लेने पर पुलिस भी हैरान रह गई। उनके पास से 1 किलोग्राम अवैध एमडी  ड्रग्स जब्त की गई है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

राजस्थान, उज्जैन और इंदौर के तस्कर गिरफ्तार

पकड़े गए आरोपियों का नेटवर्क मध्य प्रदेश से लेकर राजस्थान तक फैला हुआ है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में नवीन सोलंकी (25 वर्ष), शंकर सिंह (33 वर्ष) राजस्थान के रहने वाले हैं। वहीं विक्रम सिंह (21 वर्ष), नरेंद्र सिंह उज्जैन और गोविंद वर्मा (29 वर्ष) सिलिकॉन सिटी, इंदौर का रहने वाले है।

राजस्थान की अवैध फैक्ट्री में बनती थी ड्रग्स

शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया है कि यह 1 करोड़ की ड्रग्स राजस्थान की किसी अवैध फैक्ट्री में तैयार की जाती थी। वहां से इसे मध्य प्रदेश के मालवांचल विशेषकर इंदौर और उज्जैन के युवाओं और पब-पार्टियों में खपाने के लिए लाया जा रहा था।

ये भी पढ़ें : MP की हनी ट्रैप गर्ल श्वेता जैन गिरफ्तार, शराब कारोबारी को पार्टनरशिप के बहाने जाल में फंसाया, पुलिस आरक्षक भी शक के घेरे में

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस के मुताबिक इस ड्रग सिंडिकेट का नेटवर्क बेहद मजबूत है और इसमें इंदौर, उज्जैन और राजस्थान के कई बड़े नाम शामिल हो सकते हैं। फिलहाल क्राइम ब्रांच फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अन्य राज्यों और जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m