CSK vs LSG IPL 2026: आईपीएल में आज डबल हेडर के पहले और सीजन के 53वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को रोमांचक मुकाबले में 5 विकेट से हरा दिया। इस हार के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर हो गई है।
चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेले गए मुकाबले में CSK के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए LSG ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 203 रन बनाए। जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने 19.2 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 208 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
उर्विल पटेल ने खेली तूफानी पारी

204 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए उर्विल पटेल ने विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों में 63 रन ठोक दिए। इस दौरान उर्विल ने महज 13 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और यशस्वी जायसवाल के आईपीएल में सबसे तेज फिफ्टी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
उनके अलावा कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 42 रन बनाए, जबकि संजू सैमसन ने 34 रन की अहम पारी खेली। कार्तिक शर्मा ने 20, प्रशांत वीर ने 17, शिवम दुबे ने नाबाद 15 और डेवाल्ड ब्रेविस ने 10 रन का योगदान दिया।
लखनऊ की ओर से गेंदबाजी में दिग्वेश सिंह और शाहबाज अहमद को 2-2 विकेट मिले, जबकि आवेश खान ने 1 विकेट हासिल किया।
जोस इंग्लिस की पारी पर फिरा पानी

इससे पहले LSG की शुरुआत शानदार रही। जोस इंग्लिस ने चेन्नई के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला और 33 गेंदों में 85 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। वहीं शाहबाज अहमद 43 रन बनाकर नाबाद लौटे। इसके अलावा अक्षत रघुवंशी ने 18, हिम्मत सिंह ने 17, कप्तान ऋषभ पंत ने 15 और मिचेल मार्श ने 10 रन बनाए।
चेन्नई की गेंदबाजी में जेमी ओवरटन सबसे सफल रहे। उन्होंने 3 विकेट झटके। वहीं अंशुल कंबोज को 2 और नूर अहमद को 1 विकेट मिला।
प्लेऑफ की रेस से बाहर हुई LSG

इस हार के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम ने इस सीजन 11 मैचों में सिर्फ 3 जीत दर्ज की है और टीम 6 अंकों के साथ अंक तालिका में सबसे नीचे पहुंच गई है।
अब लखनऊ के पास सिर्फ 3 मुकाबले बचे हैं। यदि टीम सभी मैच जीत भी जाती है तो उसके अधिकतम 12 अंक ही हो पाएंगे। मौजूदा सीजन के कड़े मुकाबलों को देखते हुए 12 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंचना लगभग असंभव माना जा रहा है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

