जींद। हरियाणा के जींद जिले में गैस सिलेंडर ब्लास्ट की दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक घर में हुए भीषण विस्फोट के बाद लगी आग में 22 वर्षीय मनीषा गंभीर रूप से झुलस गई। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। हादसे में घर का अधिकांश सामान भी जलकर राख हो गया।

धमाके से मचा हड़कंप, मलबे में तब्दील हुआ घर

जानकारी के अनुसार, घर में अचानक गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि कुछ ही पलों में धुएं का गुबार आसमान तक फैल गया और पूरा घर आग की चपेट में आकर मलबे में तब्दील हो गया।

परिजन और स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से झुलसी मनीषा को पहले सफीदों अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसकी हालत नाजुक होने पर पानीपत और फिर पीजीआई रोहतक रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

पड़ोसियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन आग ने नहीं दिया मौका

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के साथ घर से सामान निकालने का प्रयास किया। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि वे घर के अंदर फंसी युवती तक नहीं पहुंच सके।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम और सफीदों दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

शादी की तैयारियों के बीच उजड़ गया परिवार

परिजनों ने बताया कि मनीषा की शादी की तैयारियां चल रही थीं और पिता उसके विवाह की तैयारियों में जुटे हुए थे। लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं, जबकि पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।