रणधीर परमार, छतरपुर। आस्था के नाम पर दबंगई का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के महाराजगंज गांव में मंदिर के चंदे के लिए 2 क्विंटल गेहूं की मांग पूरी न होने पर एक ही परिवार के पांच लोगों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से जानलेवा हमला किया गया।
ये भी पढें: Jabalpur Bargi Dam Accident: क्रूज के मलबे की जांच करेंगे एक्सपर्ट, जांच से पहले चकनाचूर करने पर उठे सवाल
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार पीड़ित कुरा अहिरवार अपने परिवार के साथ घर पर थे। तभी गांव के ही श्याम पटेल, हरदयाल पटेल, कृपाल पटेल, राजा भइया पटेल और श्रीपत पटेल उनके घर पहुंचे। इन लोगों ने मंदिर के नाम पर कुरा अहिरवार से 2 क्विंटल गेहूं के चंदे की मांग की। कुरा अहिरवार ने अपनी आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए हाथ जोड़े और कहा कि वह अभी केवल 1 क्विंटल गेहूं ही दे पाएंगे। इतनी सी बात पर आरोपी भड़क गए और दलित परिवार को गालियां देते हुए उन पर हमला बोल दिया।
एक ही परिवार के 5 लोग घायल
दबंगों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से पूरे परिवार को बेरहमी से पीटा। इस हमले में कुरा अहिरवार समेत उनके परिवार के 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के तुरंत बाद घायल अवस्था में ही परिजन सिविल लाइन थाना पहुंचे और आपबीती सुनाई।
ये भी पढ़ें: स्वास्थ्य विभाग में ‘कुर्सी’ का संग्राम: एक पद, दो CMHO और चेंबर पर जड़ा ताला
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। सभी घायलों को इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।

